Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिला के रीगा रेलवे स्टेशन से सटे पूरब दिशा में शनिवार की देर शाम एक शीशम के पेड़ से लगभग 60 वर्षीय अज्ञात वृद्ध का शव लटका मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और मामले की जानकारी पुलिस को दी.
गमछे के सहारे लटका था शव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक बनियान और धोती पहने हुए था तथा गले में गमछे के सहारे शव पेड़ से लटक रहा था. प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही रीगा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. टीम ने मौके से वैज्ञानिक जांच के लिए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार त्रिपाठी एवं अपर थानाध्यक्ष रिया कुमारी ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
पहचान कराने में जुटी पुलिस
फिलहाल मृतक वृद्ध की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के गांवों और थानों में संपर्क कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.
