सीतामढ़ी: 8 साल के बच्चे का गड्ढे में मिला शव, शाम को घर से निकला था आदित्य

सीतामढ़ी में मंगलवार को एक 8 वर्षीय बच्चे, आदित्य, का शव गांव के पास एक गड्ढे से बरामद हुआ. बच्चा सोमवार शाम से लापता था. परिजनों ने बच्चे के हाथ पर चोट और टूटे दांतों को देखकर हत्या की आशंका जताई है और डॉग स्क्वायड बुलाने की मांग की है.

सीतामढ़ी क्राइम: डुमरा थाना क्षेत्र के कुम्हरा विशनपुर मंडल टोला, वार्ड नंबर आठ में मंगलवार को उस समय मातम पसर गया, जब सोमवार शाम से लापता आठ वर्षीय बच्चे का शव गांव से कुछ दूरी पर सरेह के एक गड्ढे से बरामद हुआ. मृतक की पहचान ग्रामीण काली चरण के पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है. आदित्य निजी स्कूल में नर्सरी कक्षा का छात्र था. शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गये.

शाम को घर से निकला था आदित्य

मृतक के बाबा विंदेश्वर मंडल ने बताया कि आदित्य सोमवार, 10 अगस्त की शाम घर से निकला था. देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. रातभर आसपास के इलाकों में खोजबीन की गयी, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला. देर रात करीब एक बजे डुमरा थाना में उसके लापता होने को लेकर आवेदन दिया गया.

सरेह के गड्ढे में मिला शव

मंगलवार, 11 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों को गांव से कुछ दूरी पर सरेह में एक गड्ढे में बच्चे का शव पड़ा होने की जानकारी मिली. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे. शव की पहचान आदित्य के रूप में होते ही परिवार में कोहराम मच गया. मां बेबी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल था. घटनास्थल पर परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.

हाथ में चोट, टूटे मिले दांत

परिजनों के अनुसार, आदित्य के हाथ में पहले से चोट थी और उसका हाथ टूटा हुआ था. शव के दांत भी टूटे हुए मिले. इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने बच्चे की मौत को सामान्य घटना मानने से इनकार कर दिया और हत्या की आशंका जतायी. हालांकि, मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है.

डॉग स्क्वायड बुलाने की मांग पर अड़े रहे परिजन

घटना की सूचना मिलने पर डुमरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार किया. पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी. इसी दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड बुलाने की मांग की. करीब दो घंटे तक परिजनों ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने से रोक दिया. बाद में पुलिस के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ और शव को सदर अस्पताल भेजा गया.

जमीन विवाद से जोड़कर जतायी आशंका

परिजनों ने पुलिस को बताया कि परिवार का कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद को बच्चे की मौत से जोड़ते हुए उन्होंने हत्या की आशंका जतायी है. परिजनों ने पुलिस को कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा खुलासा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. आठ वर्षीय मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है.

यह भी पढे़ं: सीतामढ़ी जंक्शन से आज चलने वाली ट्रेनों की पूरी लिस्ट, देखें समय और रूट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्र मोहन झा

चंद्रमोहन विगत 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे जिला और ब्लॉक स्तर पर क्राइम तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी संवेदनशील खबरों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के समसामयिक मुद्दों पर सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >