लोन में देरी पर डीएम का बड़ा एक्शन, छह बैंकों से मांगा स्पष्टीकरण

सीतामढ़ी में उद्योग विभाग की योजनाओं पर समीक्षा बैठक हुई, जिसमें प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन (PMFME) और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की प्रगति पर चर्चा की गई. छह बैंकों के प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर डीएम रिची पांडेय ने कड़ी नाराजगी जताई.

Sitamarhi News: समाहरणालय में डीएम रिची पांडेय की अध्यक्षता में उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर सभी बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन (PMFME), प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना समेत अन्य स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई.

छह बैंकों की अनुपस्थिति पर डीएम नाराज

बैठक में बंधन बैंक, एक्सिस बैंक लिमिटेड, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, आईसीआईसीआई बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधियों के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने संबंधित बैंकों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया.

उद्योगों की स्थापना में बैंक निभाएं सक्रिय भूमिका

डीएम रिची पांडेय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अधिक से अधिक उद्योगों की स्थापना, स्वरोजगार के अवसरों का सृजन और स्थानीय उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है. उन्होंने कहा कि यदि बैंक समय पर ऋण स्वीकृत नहीं करेंगे तो योजनाओं का उद्देश्य प्रभावित होगा, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा.

योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा

समीक्षा के दौरान बताया गया कि पीएमएफएमई योजना के तहत जिले का लक्ष्य 356 है, जिसके विरुद्ध 134 आवेदन बैंकों को भेजे गए हैं. इनमें 18 परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं और 23 लाभुकों को मार्जिन मनी का वितरण किया गया है, जबकि 114 आवेदन अब भी लंबित हैं. वहीं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 4918 आवेदन भेजे गए, जिनमें 1314 स्वीकृत हुए और 1141 लाभुकों को ऋण वितरित किया जा चुका है.

एलडीएम को दिए विशेष निर्देश

डीएम ने एलडीएम को सभी बैंकों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करने तथा प्रत्येक बैंक की प्रगति की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कमजोर प्रदर्शन करने वाले बैंकों के साथ अलग बैठक कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा. बैठक में बैंकिंग उप समाहर्ता आशुतोष श्रीवास्तव, डीपीआरओ कमल सिंह, उद्योग महाप्रबंधक प्रिया भारती, एलडीएम अनिल कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में 30 पीटीसी बने एएसआई, एसपी ने लगाया रैंक बैज


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raushan kumar

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >