शौचालय निर्माण : प्रोत्साहन राशि भुगतान की सूची पर जिला प्रशासन की नजर

शौचालय निर्माण की प्रोत्साहन राशि भुगतान में गड़बड़ी की शिकायतों पर डीडीसी ने बीडीओ से रिपोर्ट मांगी है। पहले आओ, पहले पाओ के नियम का पालन अनिवार्य है।

डुमरा. लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान व स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालय निर्माण की प्रोत्साहन राशि के भुगतान में निर्धारित क्रम का पालन नहीं किए जाने की शिकायतों को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. मामले में डीडीसी संदीप कुमार ने सभी बीडीओ को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट तलब की है. डीडीसी ने सभी बीडीओ को निर्देश दिया है कि प्रखंड कार्यालयों में आवेदन प्राप्ति पंजी का नियमित एवं व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करें. साथ ही यह प्रमाणित करें कि वर्तमान तिथि तक कार्यालय में प्रोत्साहन राशि से संबंधित कोई आवेदन लंबित नहीं है. उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्त होने की तिथि के आधार पर ही भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाए व \"पहले आओ, पहले पाओ \" के सिद्धांत का हर-हाल में पालन किया जाए. बताते चले कि जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 में 30 हजार व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालय निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. जिसमे अबतक लगभग चार हजार शौचालय का निर्माण कराते हुए इनमें 2031 लाभुकों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया गया है. इसी तरह वित्तीय वर्ष 2025-26 में 25503 शौचालय का निर्माण कराया गया है, जिसमें भुगतान की कार्रवाई जारी है.

आवेदन व प्राप्ति रसीद का नहीं हो रहा संधारण

डीडीसी को विभिन्न माध्यमों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कई प्रखंडों में लाभुकों को मनमाने तरीके से प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जा रहा है. इतना ही नहीं कुछ स्थानों पर लाभुकों के आवेदन व प्राप्ति रसीद का विधिवत संधारण भी प्राप्ति पंजी में नहीं किया जा रहा है, जिससे भुगतान प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं. डीडीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी लाभुक के भुगतान में बिना किसी वैध कारण के निर्धारित क्रम तोड़ा हुआ पाया गया, तो संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी बीडीओ को भुगतान प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही व निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर एवं निष्पक्ष तरीके से प्रोत्साहन राशि का लाभ मिल सके.

इन बिंदुओं पर समर्पित करना है रिपोर्ट

▪︎ प्रखंड व पंचायत▪︎ लाभुक का विवरण

▪︎ आवेदन प्राप्ति की तिथि▪︎ जियो टैग की तिथि

▪︎ भुगतान की तिथि

क्या कहते हैं अधिकारी व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालय निर्माण की प्रोत्साहन राशि के भुगतान में निर्धारित क्रम का पालन जरुरी है. इस तरह के मामला मिलने पर संबंधित अधिकारी व कर्मी पर कार्रवाई तय है. जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है. प्रोत्साहन राशि के भुगतान में पारदर्शिता के लिए पहले आओ, पहले पाओ के सिद्धांत का पालन अनिवार्य है.

संदीप कुमार, डीडीसी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Raushan kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >