Sitamarhi News: बेलसंड अनुमंडलीय अस्पताल में बुधवार को तीन बेड वाले डायलिसिस केंद्र का शुभारंभ किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से डायलिसिस केंद्र का उद्घाटन किया. इसके बाद एसडीएम कुमार आलोक, सिविल सर्जन डॉ. रविंद्र यादव एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हेमंत कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर डायलिसिस यूनिट का विधिवत उद्घाटन किया.
प्रतिदिन 12 मरीजों को मिलेगी डायलिसिस सुविधा
सिविल सर्जन डॉ. रविंद्र यादव ने बताया कि नए डायलिसिस केंद्र में प्रतिदिन 12 मरीजों का डायलिसिस किया जा सकेगा. उन्होंने कहा कि आवश्यकता बढ़ने पर भविष्य में अतिरिक्त डायलिसिस यूनिट भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को सुविधा मिल सके.
आयुष्मान कार्डधारकों को निःशुल्क मिलेगा लाभ
सिविल सर्जन ने बताया कि सामान्य मरीजों के लिए डायलिसिस सेवा 1784 रुपये प्रति सत्र की दर से उपलब्ध होगी. वहीं आयुष्मान भारत कार्डधारकों को यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जाएगी.
टीबी उन्मूलन अभियान में सहयोग की अपील
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन ने केंद्र सरकार के टीबी उन्मूलन अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि 2 जुलाई से 14 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की. इस अवसर पर कंसार पंचायत के मुखिया मो. आलमगीर ने दो टीबी मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराई और अन्य दानदाताओं से भी सहयोग करने की अपील की.
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में बीडीओ भगवान झा, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी पंकज कुमार, मुख्य पार्षद रणधीर कुमार, प्रमुख प्रतिनिधि सुधांशु शेखर, भाजपा नेता प्रवीण कुमार, डॉ. जीके झा, सुनील सिंह, सांसद प्रतिनिधि मनोज सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष जयमंगल कुशवाहा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: 23 और 24 जुलाई को चलेगा अंतरराष्ट्रीय पार्सल बुकिंग अभियान, डाक विभाग की अपील
