Sitamarhi Protest: सीतामढ़ी के डुमरा स्थित अंबेडकर स्थल पर सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र-युवा आंदोलन के समर्थन में धरना दिया गया. छात्र, युवा, नौजवान, नागरिक एवं बुद्धिजीवी मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्र सरकार से आंदोलनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की गयी.
संसद मार्च के दौरान लाठीचार्ज की निंदा
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता दिलीप कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन जितेंद्र कुमार ने किया. सभा को संबोधित करते हुए समाजसेवी प्रो. आनंद किशोर ने संसद मार्च के दौरान निहत्थे आंदोलनकारियों पर कथित लाठीचार्ज की निंदा की.
उन्होंने प्रधानमंत्री से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने और आंदोलनकारियों से सीधे बातचीत कर समस्या का समाधान करने की मांग की.
अनशनकारियों के स्वास्थ्य पर जतायी चिंता
वक्ताओं ने जंतर-मंतर पर पिछले 22 दिनों से चल रहे आंदोलन और अनशन पर चिंता जतायी. उन्होंने अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक, छात्र नेता नेहा समेत अन्य आंदोलनकारियों के स्वास्थ्य को लेकर केंद्र सरकार से तत्काल बातचीत की अपील की.
वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों की समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए.
राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा मांग-पत्र
धरना सभा को भिखारी शर्मा, डॉ. शशिरंजन, अखिलेश नारायण ठाकुर, कृष्ण किशोर यादव समेत कई लोगों ने संबोधित किया. कार्यक्रम के अंत में चार सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को सौंपा गया.
धरना कार्यक्रम में सुखलाल यादव, सुरेश बैठा, ओमप्रकाश, संजय साह, शशि कुमार सिंह, मो. मुर्तुजा, आफताब अंजुम बिहारी, मुकेश कुमार, विजय शुक्ला, मदन मोहन ठाकुर और अमरेन्द्र राय समेत कई लोग मौजूद रहे.
यह भी पढे़ं: Sitamarhi: नानपुर में दो अलग-अलग बगीचों में पेड़ से लटके मिले दो युवकों के शव, इलाके में सनसनी
