Bairgania News: ग्राहक बनकर आए, अंगूठियां पसंद कीं और दुकानदार को झांसा देकर सोना लेकर हो गए फरार

बैरगनिया के खुशबू आभूषणालय में ग्राहक बनकर आए चोरों ने दुकानदार को चकमा देकर 65-70 ग्राम सोने की अंगूठियां चुरा लीं. घटना के बाद स्वर्ण व्यवसायियों ने दुकानें बंद कर विरोध जताया.

Sitamarhi News: सीतामढ़ी के बैरगनिया नगर स्थित पुराना स्टेट बैंक चौक के पास खुशबू आभूषणालय में शनिवार शाम करीब चार बजे चोरी की घटना सामने आयी. आरोप है कि ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे उचक्के दुकानदार को झांसा देकर एक दर्जन से अधिक सोने की अंगूठियां लेकर फरार हो गये. चोरी गये सोने का वजन करीब 65 से 70 ग्राम बताया जा रहा है. घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने बैरगनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.

Bairgania News:  ग्राहक बनकर आभूषण दुकान पहुंचे उचक्के

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब चार बजे कुछ लोग ग्राहक बनकर पुराना स्टेट बैंक चौक वार्ड नंबर 13 स्थित खुशबू आभूषणालय पहुंचे. दुकान में मौजूद दुकानदार कमलेश कुमार से आभूषण दिखाने को कहा गया.

इसी दौरान आरोप है कि उचक्कों ने दुकानदार को झांसा देकर एक दर्जन से अधिक सोने की अंगूठियां अपने कब्जे में ले लीं और मौका मिलते ही दुकान से फरार हो गये.

65 से 70 ग्राम सोने की अंगूठियां चोरी होने का दावा

पीड़ित दुकानदार के अनुसार चोरी गयी अंगूठियों की संख्या एक दर्जन से अधिक है. इन सोने की अंगूठियों का कुल वजन करीब 65 से 70 ग्राम बताया जा रहा है.

घटना का पता चलने के बाद दुकानदार ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद मामले की सूचना बैरगनिया थाना पुलिस को दी गयी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.

प्राथमिकी दर्ज कर बरामदगी की मांग

पीड़ित दुकानदार कमलेश कुमार ने बैरगनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. उन्होंने पुलिस से चोरी गये सोने के आभूषणों की बरामदगी और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है.

घटना के बाद पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है.

स्वर्ण व्यवसायियों ने दुकानें बंद कर थाने में की शिकायत

घटना से आक्रोशित बैरगनिया के दर्जनों स्वर्ण व्यवसायियों ने अपनी दुकानें कुछ देर के लिए बंद रखीं. इसके बाद व्यवसायी एकजुट होकर थाने पहुंचे और घटना को लेकर पुलिस से शिकायत की.

व्यवसायियों ने घटना में शामिल लोगों की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग रखी.

थानाध्यक्ष ने जल्द कार्रवाई का दिया आश्वासन

मामले को लेकर बैरगनिया थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गिरी ने स्वर्ण व्यवसायियों और पीड़ित दुकानदार को शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया. उन्होंने अपराधियों की गिरफ्तारी और मामले के उद्भेदन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही.

घटना के बाद आभूषण कारोबारियों में चिंता का माहौल है. अब पुलिस की जांच और चोरी गये आभूषणों की बरामदगी पर सभी की नजर है.

ये भी पढ़ें: पैंकी में बस स्टैंड के लिए अंचल का शिविर, ग्रामीणों ने प्रस्तावित स्थल बदलने की मांग की

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राकेश कुमार राज

राकेश पिछले 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. राकेश क्राइम रिपोर्टिंग के अलावा सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने के लिए जाने जाते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति और दिलचस्प किस्से-कहानियों में उनकी विशेष रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >