ट्रांसपोर्ट कंपनी के चालक से दिनदहाड़े 3.60 लाख की लूट

परिहार(सीतामढ़ी) : परिहार थाना क्षेत्र के परिहार-भिस्वा पथ में सोमवार की सुबह मनीष ट्रांसपोर्ट कंपनी के चालक से पिस्टल का भय दिखाकर अपराधियों ने तीन लाख 60 हजार रुपयेे लूट लिये. घटना का विरोध करने पर अपराधियों ने चालक व खलासी के साथ मारपीट की. वारदात के बाद अपराधी पिस्टल लहराते हुए भाग निकले. घटना […]

परिहार(सीतामढ़ी) : परिहार थाना क्षेत्र के परिहार-भिस्वा पथ में सोमवार की सुबह मनीष ट्रांसपोर्ट कंपनी के चालक से पिस्टल का भय दिखाकर अपराधियों ने तीन लाख 60 हजार रुपयेे लूट लिये. घटना का विरोध करने पर अपराधियों ने चालक व खलासी के साथ मारपीट की. वारदात के बाद अपराधी पिस्टल लहराते हुए भाग निकले. घटना की सूचना मिलने पर परिहार व बेला थानाध्यक्ष क्रमश: रणबीर कुमार झा व अशोक कुमार ने घटनास्थल पर पहुंच कर आवश्यक पूछताछ करने के बाद वरीय अधिकारियों को सूचना देते हुए संभावित स्थानों पर छापेमारी में जुट गये.

बेला थाना क्षेत्र के विष्णुपुर गांव निवासी चालक सुशील कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने कंपनी की गाड़ी से सामग्री को दुकान पर पहुंचाने के साथ-साथ रुपया की वसूली भी करते हैं. रविवार को वह रुपया वसूली करने के बाद शाम में घर पहुंचा. सोमवार की सुबह तकरीबन 10:15 बजे वह घर से निकल कर परिहार-भिस्वा पथ पर मुशहरनीया व परसा बाजार के बीच आधा किलोमीटर की दूरी तक पहुंचा, इसी दौरान दो बाइक पर सवार छह सशस्त्र अपराधियों ने ओवरटेक कर ट्रक को आगे से रोक लिया. ट्रक के रुकने के बाद पिस्टल का भय दिखाकर अपराधी लूट की घटना को अंजाम देने लगे.

विरोध करने पर उनके व खलासी परिहार थाना क्षेत्र के धरहरवा गांव निवासी राहुल कुमार के साथ मारपीट करते हुए तीन लाख 60 हजार रुपये नकद व चेक लूट कर फरार हो गये.

परिहार थानाध्यक्ष रणबीर कुमार झा ने बताया कि घटना की बारीकी से जांच-पड़ताल की जा रही है. प्रथम दृष्टया सामने आ रहा है कि स्थानीय बदमाशों की संलिप्तता से घटना को अंजाम दिया गया है. संभवत: रेकी कर रुपया को लूटा गया है. आसपास के थानाध्यक्षों को सूचना देकर नाकेबंदी कर संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है. जल्द घटना का खुलासा कर लिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >