लक्ष्मणानगर मोहल्ले में मंगलवार को हुई थी फायरिंग की घटना
रीगा के दो अपराधी गुटों केबीच छिड़ी है गैंगवार
सीतामढ़ी : शहर के लक्ष्मणानगर मोहल्ले में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार पर फायरिंग मामले में पुलिस को अभी कोई सुराग नहीं मिला है. प्रारंभिक जांच में पुलिस फायरिंग को दो आपराधिक गुट के बीच छिड़े गैंगवार की आशंका से इनकार नहीं कर रही है.
सूत्रों की माने तो इसमें रीगा थाना क्षेत्र के दो अपराधियों के बीच का मनमुटाव खूनी जंग में तब्दील हो गया है. आशंका है कि दोनों गुट के बदमाश शहर के बाइपास मार्ग में हत्या के उद्देश्य से फायरिंग कर वर्चस्व कायम करना चाहता है. लक्ष्मणानगर वार्ड नंबर-17 में दिन के लगभग दो बजे बाइक पर सवार दो युवक पर फायरिंग को भी इसी का परिणाम बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति के हाथ में गोली लगी है.
वह कहां इलाज करा रहा है, इसका कुछ पता नहीं चल सका है. पुलिस को यह भी शंका है कि बाइक पर सवार व्यक्ति भी अपराध से जुड़ा है. पुलिस से बचने को लेकर उसने अपना इलाज दूसरी जगह कराया है. नगर सर्किल इंस्पेक्टर विजय कुमार यादव ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है. प्रथमदृष्टया दो बदमाशों के बीच का आपसी विवाद प्रतीत हो रहा है.
मालूम हो कि मंगलवार को लक्ष्मणानगर मोहल्ले में अचानक बाइक सवार को टारगेट कर की गयी फायरिंग में बाइक सवार जख्मी हो गया. घटनास्थल से पुलिस ने एक जोड़ी जूता बरामद किया था. सड़क पर खून भी पाया गया था. मामले में अब तक कोई प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की जा सकी है.
