सीतामढ़ी/सोनबरसा : जिले के सोनबरसा थानाक्षेत्र के विशनपुर गोनाही पंचायत के परसा महिंद गांव स्थित बड़का पोखर में रविवार की दोपहर स्नान के क्रम में डूबने से किशोरी समेत चार लोगों की मौत हो गयी. मृतकों में गांव के अजीत राय की पुत्री साजन कुमारी (12), सत्यनारायण भगत का पुत्र आलोक कुमार (22), चंद्रभूषण प्रसाद का पुत्र नीरज कुमार (25) और स्व गजाधर राय का पुत्र राम विश्वास राय (45) शामिल हैं.
ग्रामीणों ने पोखर में जाल फेंक कर सभी को बाहर निकाल सदर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया. सूचना पर बीडीओ ओमप्रकाश, सीओ चंदन कुमार, सुरसंड सर्किल इंस्पेक्टर फारुख हुसैन, थानाध्यक्ष राकेश रंजन, दारोगा मनोज कुमार, शशिचंद्र प्रभाकर, जिला पार्षद संजय कुमार, मुखिया बिंदू यादव ने मौके पर पहुंचे.
जानकारी के अनुसार, गांव के जगन्नाथ भगत के घर शुक्रवार से ही कारिख महाराज की पूजा चल रही है. भगत नवल पूर्वे के नेतृत्व में पूजा के दौरान लोग सायरा स्नान करने बड़का पोखर गये थे. भगत के डुबकी लगाने के बाद ग्रामीणों की भीड़ भी स्नान के लिए पोखर में कूद पड़ी. इसी क्रम में कुछ लोग गहरे पानी में डूबने लगे.
चीखने-चिल्लाने के बाद कुछ लोगों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन किशोरी समेत चार अन्य लोग गहरे पानी में डूब गये. इससे वहां अफरातफरी व चीख-पुकार मच गयी. ग्रामीणों ने जाल फेंक कर डूबे हुए लोगों को बाहर निकाला. सूचना पर मुख्यालय से पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने कुछ और लोगों के डूबने की आशंका पर खोजबीन की. हालांकि चार ही लोगों के डूबने की बात बतायी जा रही है.
अन्य लोगों को बचाप्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त पोखर पर लगभग 150 से 200 लोग मौजूद थे. पुलिस ने पंचनामा तैयार कर चारों शव का सदर अस्पताल में ही पोस्टमार्टम करवा कर परिजन को सौंप दिया. बीडीओ ने बताया कि मृतकों के परिजनों को आपदा राहत मद से चार-चार लाख रुपये का भुगतान किया जायेगा. मुखिया ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत मृतक के परिवार वालों को तीन-तीन हजार रुपये प्रदान किये. इस हादसे को लेकर थाने में यूडी केस दर्ज किया गया है.
