सीतामढ़ी : जिले के बथनाहा थाने की पुलिस ने शनिवार को रामपुर-इनरवा एनएच 104 पर वाहन चेकिंग के दौरान शातिर रणधीर राय उर्फ रणधीर कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
वह बथनाहा थाना क्षेत्र के मदनपट्टी गांव निवासी भाग्यनारायण राय का पुत्र है. हालांकि पुलिस को देखकर उसका एक सहयोगी बाइक लेकर भागने में सफल रहा. तलाशी के क्रम में उक्त अपराधी के पास से एक पिस्टल व 7.67 एमएम का दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया है.
एसपी अनिल कुमार ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार अपराधी ने लूट के अन्य मामलों में अपनी संलिप्तता को स्वीकार किया है. उसने यह भी खुलासा किया है कि दो जून 2019 को कमलदह गांव के समीप एनएच-77 पर चावल व्यवसायी शिव कुमार (चिलड़ी, सोनबरसा) से पिस्टल के बल पर कैश लूट को अंजाम दिया था.
लूट के इस मामले में उसने अन्य सहयोगी साथियों के नाम का भी खुलासा किया है. पूर्व में भी उसका आपराधिक इतिहास रहा है. उसके विरुद्ध जिले के बथनाहा थाना में छह, डुमरा थाना में एक तथा रून्नीसैदपुर थाना में तीन मामला दर्ज है. वर्ष 2013 से हीं वह अपराध में सक्रिय था. रून्नीसैदपुर थाना कांड संख्या-496/13 दिनांक 10 दिसंबर 2013 धारा 399/402 भादवि एवं 25(1-बी) ए/26/35 आर्म्स एक्ट में हरेंद्र सहनी के नाम पर वह जेल व जमानत भी कराया था.
इसी केस में वह न्यायिक हिरासत से फरार हो गया था. जिस संदर्भ में डुमरा थाने में उसके विरुद्ध छह अगस्त 2018 को प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. प्रेस कांफ्रेंस में सदर एसडीपीओ डॉ कुमार वीर धीरेंद्र व थानाध्यक्ष रणवीर कुमार झा भी मौजूद थे.
