पंसस के घर डकैतों ने बोला धावा

डुमरी कला में गृहस्वामी व ग्रामीणों की सतर्कता से टली डकैती 24 घंटे के भीतर बथनाहा में रिटायर्ड शिक्षक समेत तीन के घरों में की लूटपाट सीतामढ़ी/मेजरगंज : पिछले तीन दिनों से जिले में डकैतों का तांडव जारी है. जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर डकैती की दो घटनाओं के बाद […]

डुमरी कला में गृहस्वामी व ग्रामीणों की सतर्कता से टली डकैती

24 घंटे के भीतर बथनाहा में रिटायर्ड शिक्षक समेत तीन के घरों में की लूटपाट

सीतामढ़ी/मेजरगंज : पिछले तीन दिनों से जिले में डकैतों का तांडव जारी है. जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर डकैती की दो घटनाओं के बाद भी अपराधियों का हौसला पस्त नहीं हुआ है.

मंगलवार की रात सशस्त्र डकैतों ने मेजरगंज थाना क्षेत्र के डुमरी कला में पंचायत समिति सदस्य सह चिमनी व्यवसायी नवीन कुमार सिंह के घर पर हमला कर दिया. मुख्य दरवाजा के टूटने की आवाज सुनकर गृहस्वामी की नींद खुल गयी. जब वे घर के पिछले दरवाजे पर पहुंचे तो द्वार तोड़कर तीन चार लोग भीतर प्रवेश कर रहे थे.

उनसे श्री सिंह की हाथापाई भी हुई, जिसे देख महिलाएं चीखने चिल्लाने लगी. चीखने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग घटनास्थल पर पहुंचकर शोर करना शुरू कर दिया. लोगों की सजगता देख डकैतों ने चिमनी संचालक सह पंसस नवीन सिंह के दीवाल पर एवं उनके पड़ोसी बृज किशोर सिंह के घर के मुख्य द्वार के ग्रिल पर बम-विस्फोट करते हुए पश्चिम दिशा की ओर भाग निकले.

घटना की सूचना मिलते ही रीगा सर्किल इंस्पेक्टर अनिल कुमार शर्मा व थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर डकैतों के भागने की दिशा में दूर तक पीछा किया, परंतु डकैतों का कोई सुराग नहीं ढूंढ पाये.

वहीं पीड़ित ने बताया कि दरवाजा तोड़ने की आवाज सुनकर जब उनकी नींद खुली तो वह अपनी गैलरी में पहुंचे, जहां गंजी व कच्छा में तीन-चार लोगों ने उन पर हमला कर दिया. जिससे उनका उठा-पटक भी हुआ. तीन डकैत भाग निकले जबकि एक के साथ हाथापाई होने लगी. तभी पीछे से एक डकैत ने डंडे से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी पकड़ ढीली हो गयी तथा बिना लूटपाट के हीं डकैत बम विस्फोट करते हुए भाग निकले.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >