अवैध उगाही का लगाया आरोप
एक शिक्षक के समझाने-बुझाने पर माने आक्रोशित बच्चे
सभी 158 परीक्षार्थियों में से कुल 48 बच्चे हो सके हैं उत्तीर्ण
असफल बच्चों ने प्रभारी प्रधान पर लगाया पैसे लेने का आरोप
मेजरगंज :थाना क्षेत्र के दिहठी गांव स्थित उच्च विद्यालय की 110 छात्र-छात्राएं मैट्रिक की परीक्षा में फेल हो गये है. इसको लेकर करीब दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राएं सोमवार को विद्यालय में पहुंच कर प्रधानाध्यापक के विरुद्ध जम कर नारेबाजी करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया.
मामले को बिगड़ते देख मौके पर मौजूद स्थानीय मध्य विद्यालय के एक शिक्षक राजीव कुमार ने काफी आक्रोशित बच्चों को समझा- बुझा कर शांत कराया. बच्चों का कहना था कि प्रभारी प्रधान द्वारा मैट्रिक पास कराने के नाम पर 500 से हजार रुपये की वसूली की गयी थी. बावजूद वे लोग फेल कर गये हैं.
हंगामा में शामिल छात्र विकास कुमार, अनीश कुमार, कुंदन कुमार, रवींद्र साह, शिवम कुमार, विपिन कुमार, विशाल कुमार, साई राज, धर्मेंद्र कुमार, मीणा कुमारी, निशा कुमारी, अवधेश कुमार, शीला कुमारी, अल्का कुमारी, काजल कुमारी व अनिल कुमार समेत अन्य ने बताया कि इस विद्यालय में पढ़ाई की व्यवस्था बदत्तर है. पढ़ाई के नाम पर मात्र खाना पूर्ति की जाती है.
शिकायत करने पर कहा जाता है कि उनलोगों को पास होने से मतलब है. कुछ खर्च करने पर बेहतर रिजल्ट दिलवा दिया जायेगा.
कई छात्रों ने कहा कि नौवीं पास होने के बाद 10वीं में नामांकन के नाम पर प्रत्येक विद्यार्थी से 200-300 रुपये की वसूली की जाती है. दो वर्ष पूर्व से किसी छात्रों को छात्रवृत्ति व पोशाक की राशि नहीं दी गयी है. शिकायत करने पर शिक्षकों द्वारा परीक्षा में फेल करने की धमकी दी जाती है. बताया गया कि इस विद्यालय से कुल 158 छात्र- छात्राएं मैट्रिक की परीक्षा दी थी, जिसमें से मात्र पांच प्रथम श्रेणी, 15 द्वितीय श्रेणी व 28 बच्चे तृतीय श्रेणी यानी कुल 48 बच्चे उत्तीर्ण हो पाये हैं.
