डुमरा : लोकसभा आम चुनाव व होली के त्योहार को लेकर प्रशासनिक स्तर से की जा रही कार्रवाई को लेकर समाहरणालय में आयोजित प्रेसवार्ता में डीएम डॉ रणजीत कुमार सिंह व एसपी अनिल कुमार ने बताया कि विधि व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से लगातार सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
सोमवार की शाम छह बजे से रात 12.30 बजे तक रून्नीसैदपुर के टोल प्लाजा के समीप चलाये गए अभियान में करीब 200 वाहनों की जांच की गयी. साथ हीं आदर्श आचार संहिता के पालन करते हुए सभी सार्वजनिक स्थलों से बैनर व पोस्टर हटा दिए गए है. कहा कि राजनीतिक पार्टी व अन्य कोई संस्था बगैर एसडीओ से आदेश प्राप्त कर कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं करेंगे. इसको लेकर अब तक 125 लोगों के विरुद्ध सीसीए की कार्रवाईकी सुनवाई कर अग्रतर कार्रवाईकी जा रही है.
वहीं, 107 के तहत 16 हजार आठ लोगों के विरुद्ध कार्रवाईकी जा रही है. सभी सरकारी छुट्टी को रद्द कर दी गयी है. सभी पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी पर रहेंगे. डीएम ने कहा होली को लेकर शांति समिति की बैठक कर आवश्यक सुझाव दिये गये हैं.
एकल खिड़की प्रणाली कोषांग का शुभारंभ : लोकसभा आम चुनाव को लेकर मंगलवार को सूचना भवन में एकल खिड़की प्रणाली कोषांग (सिंगल विंडो सिस्टम) का शुभारंभ डीएम डॉ सिंह ने किया. इस दौरान उन्होंने कहा की अभ्यर्थियों को वाहन व सभा समेत अन्य तरह के आदेश इस कोषांग से प्राप्त होगा.
डीएम ने बताया कि इस संबंध में राजनीतिक पार्टी के साथ बैठक कर इसकी जानकारी दें दी गयी है. साथ हीं उन्हें नामांकन के दौरान आवश्यक शपथ पत्र के संबंध में जानकारी दी गयी है. इस दौरान उप निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार व डीपीआरओ परिमल कुमार समेत अन्य लोग शामिल थे.
सीडीपीओ से स्पष्टीकरण, 10 कर्मियों के वेतन पर रोक
बोखड़ा. प्रखंड कार्यालय में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बीडीओ अमरेंद्र पंडित की अध्यक्षता में अधिकारी व कर्मियों की आवश्यक बैठक हुई. इस दौरान बैठक से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारी व कर्मियों से बीडीओ द्वारा स्पष्टीकरण की मांग की गयी.
बीडीओ श्री पंडित ने बताया कि अनुपस्थित सीडीपीओ मंजू कुमारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है. वहीं पीटीए राकेश कुमार, ग्राम कचहरी सचिव शैलेंद्र कुमार, राम लखन महतो, पंचायत सचिव राम एकवाल बैठा, राम लखन महतो, हरि भगत पासवान, अखिलेश कुमार, जसबीर कुमार, सीता देवी समेत सभी 10 कर्मियों के एक दिन के वेतन भुगतान पर रोक लगाते स्पष्टीकरण पूछा गया है. संतोष जनक जवाब नहीं मिलने पर एक दिन का वेतन काट लिया जायेगा.
