सीतामढ़ी : वोटरों को किसी तरह की जानकारी देने के लिए ‘स्वीप कोषांग’ का गठन किया गया है. कोषांग की ओर से लोस चुनाव में वोटरों को जागरूक करने के लिए यूथ आइकॉन के रूप में प्रतिभा प्रिया को नामित किया गया है. दिल्ली के होटल ‘ली मिरिडियन’ में सेलिब्रेटी फिटनेस इंस्ट्रक्टर एवं पूर्व राज्यस्तरीय बैडमिंटन खिलाड़ी प्रतिभा उर्फ शिल्पी शर्मा अब सीतामढ़ी में वोटरों को जागरूक करेंगी.
राज्यपाल से मिला था ‘प्रेरणा’ अवार्ड
राज्यपाल मृदुला सिन्हा से ‘प्रेरणा’ अवार्ड से सम्मानित हो चुकी प्रतिभा प्रिया मूल रूप से रून्नीसैदपुर प्रखंड के अथरी गांव की बेटी है.
पिता मणिभूषण शर्मा एवं माता शारदा शर्मा की पुत्री शिल्पी किसी पहचान की मोहताज नहीं है. वह फ़िल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ, बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल व पीवी सिंधु जैसे कई राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व बॉलीवुड सेलिब्रेटी को फिटनेस ट्रेनिंग दे चुकी सीतामढ़ी की यह बेटी इस बार के लोक सभा चुनाव में जिले के वोटरों को वोट का महत्व बतायेगी और वोटिंग के लिए जागरूक करेगी.
जिला प्रशासन की कोशिश है कि वोटिंग के मामले में जिले में एक रिकॉर्ड बने. इसी मकसद को पूरा करने की कड़ी में यूथ आइकॉन में तौर पर प्रतिभा को नामित किया गया है. इससे पूर्व श्रेया घोष को जिला आइकॉन बनाया गया, जिन्होंने आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गीत- संगीत के माध्यम से वोटरों को जागरूक किया था. सोमवार को यूथ आइकॉन प्रतिभा डीएम डॉ रणजीत कुमार सिंह से मिली.
