सुरसंड. स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार की शाम बाबा वाल्मीकेश्वर स्थान से पश्चिम हथबन्हा बांध के समीप से नेपाल से तस्करी कर लायी जा रही 1.70 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया. उसकी पहचान नगर पंचायत वार्ड संख्या 17 निवासी मनोज साह के पुत्र मोहित कुमार के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि हथबन्हा बांध के समीप भारत-नेपाल सीमा सड़क पर एक युवक झोले में विदेशी शराब डिलेवरी करने के लिए किसी का इंतजार कर रहा है. उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रशिक्षु पुअनि अभिजीत सिंह को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा. जहां संदिग्ध गतिविधि में उक्त युवक को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस द्वारा ली गयी तलाशी में उसके पास रखे थैला से एक किलो 70 ग्राम गांजा बरामद हुआ. पुलिसिया पूछताछ में उसने गांजा की तस्करी कर ऊंचे दाम पर बेचने की बात कबूली है. आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
