Sitamarhi police Encounter: सीतामढ़ी जिला पुलिस ने रीगा थाना क्षेत्र के अन्हारी मठ चौक के पास सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी संचालक से हुई 1.50 लाख रुपये की लूट का महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस और अपराधियों के बीच सीधी मुठभेड़ हुई, जिसमें मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी है. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य अभियुक्त सहित कुल चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है.
यह भी पढ़ें…समस्तीपुर में पुलिस-अपराधी मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद दो गिरफ्तार
खुफिया सूचना पर नगर थाना पुलिस ने की घेराबंदी
एसपी अमित रंजन के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मानवीय आसूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों की पहचान की. गुरुवार की देर रात करीब 11 बजे नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हुसैना पुल के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने मौके से अवैध हथियारों के साथ तीन अपराधियों को दबोच लिया, जबकि उनका एक मुख्य साथी अपाचे बाइक से भागने में सफल रहा. इसके तुरंत बाद जिले के सभी थानों को अलर्ट कर सघन नाकाबंदी कर दी गई.
यह भी पढ़ें… पिस्तौल के बल पर युवती से दुष्कर्म का प्रयास
गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर की फायरिंग
अपाचे सवार अपराधी को दबोचने के लिए रीगा थाने के रेवासी गांव के पास पुलिस टीम वाहन जांच कर रही थी. इसी दौरान पुलिस ने तेज रफ्तार अपाचे बाइक को रोकने का इशारा किया. खुद को पुलिस से घिरा देख और गिरफ्तारी से बचने के लिए शातिर अपराधी ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग झोंक दी. आत्मरक्षार्थ में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक गोली अपराधी के दाहिने पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा. पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा.
यह भी पढ़ें… आयुष्मान भारत: अब व्हाट्सऐप पर मिलेगी सुविधाएं, घर बैठे बनेगा कार्ड और दिखेगा इलाज का रिकॉर्ड
लूटी गई बाइक और हथियारों का जखीरा बरामद
पुलिस मुठभेड़ में घायल अपराधी की पहचान परसौनी थाना क्षेत्र के राजा परसौनी निवासी फेकन कुमार उर्फ चंदन कुमार के रूप में की गई है. एसपी अमित रंजन और सदर एसडीपीओ-1 राजीव कुमार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच की. जांच में स्पष्ट हुआ कि बरामद अपाचे बाइक भी बीते 29 जून 2026 को परसौनी क्षेत्र से लूटी गई थी. फेकन कुमार का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. वहीं अन्य गिरफ्तार बदमाशों की पहचान लड्डू कुमार (शिवहर), अविनाश कुमार और कमलेश कुमार के रूप में हुई है. इनके पास से दो कट्टा, एक पिस्टल, दो कारतूस और लूटी गई बाइक बरामद हुई है. शेष राशि की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है.
यह भी पढ़ें… आधी रात को प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, ग्रामीणों ने रात में ही पंचायत बैठाकर कराया निकाह
