Sheikhpura News (रंजीत कुमार की रिपोर्ट): लंबी दूरी के मालवाहक ट्रकों से नगर क्षेत्र में कथित चुंगी वसूली का विरोध करने पर ट्रक चालकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. इसको लेकर राज्य ट्रक संचालक संघ के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिलाधिकारी शेखर आनंद और एसपी बलराम कुमार चौधरी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई.
डीएम और एसपी से लगाई न्याय की गुहार
इस मामले में जिलाधिकारी और एसपी ने सभी पीड़ित चालकों को नगर थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराने की सलाह दी है. चालक संघ के उपाध्यक्ष शुभम् मणि मिश्रा ने बताया कि पिछले दिनों पटना से माल लोड कर बांका जाने के दौरान शेखपुरा नगर क्षेत्र में ट्रक से चुंगी वसूलने का प्रयास किया गया.
चुंगी देने से इनकार पर की गई मारपीट
उन्होंने आरोप लगाया कि चालक द्वारा सभी कागजात सही बताते हुए चुंगी देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई. घटना की सूचना चालक ने ट्रांसपोर्टर और चालक संघ के पदाधिकारियों को दी. मामले की जानकारी मिलने पर चालक संघ के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की तहकीकात करने का प्रयास किया.
बंदोबस्त सहयोगियों पर गंभीर आरोप
चालक संघ का आरोप है कि हस्तक्षेप करने पहुंचे पदाधिकारियों और उनके साथियों के साथ भी कथित चुंगी वसूली करने वालों ने दुर्व्यवहार और मारपीट की. संघ ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों में भय का माहौल है.
Also Read: RLM के जिलाध्यक्ष बने देवन मुखिया, कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से किया स्वागत
