शेखपुरा में अपराधियों के हौसले बुलंद, छुट्टी पर घर आए सीआरपीएफ अधिकारी, उनके पुत्र और साले पर जानलेवा हमला

Sheikhpura News: शेखपुरा शहर के बंगाली पर मुहल्ले में बदमाशों ने धावा बोलकर सिलीगुड़ी में तैनात सीआरपीएफ एएसआई सुधांशु कुमार, उनके पुत्र प्रियांशु और साले कुंदन कुमार को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. डायल 112 की टीम ने घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया है.

Sheikhpura News (रंजीत कुमार): शेखपुरा जिले में इन दिनों अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है. जिले में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला अभी थमा भी नहीं था कि गुरुवार की शाम बदमाशों ने शहर के बंगाली पर मुहल्ले में दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया. अपराधियों ने घर पर धावा बोलकर एक सीआरपीएफ अधिकारी, उनके पुत्र और साले पर जानलेवा हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए स्थानीय सदर अस्पताल में भर्ती कराया.

सदर अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों की पहचान सीआरपीएफ के एएसआई सुधांशु कुमार उर्फ पिंटू, उनके पुत्र प्रियांशु कुमार और उनके साले कुंदन कुमार के रूप में की गई है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घायल सीआरपीएफ जवान जवाहर नवोदय विद्यालय के दक्षिण-पूर्व दिशा में स्थित बंगाली पर मुहल्ले में अपना मकान बनाकर सपरिवार रहते हैं.

सिलीगुड़ी में तैनात हैं एएसआई, छुट्टी पर आए थे घर

घायल सुधांशु कुमार फिलहाल सिलीगुड़ी में एएसआई के पद पर तैनात हैं. वे पिछले शुक्रवार को ही आधिकारिक छुट्टी लेकर अपनी ड्यूटी से घर वापस लौटे थे. गुरुवार की शाम को वे अपने घर के बाहर बांस की सीढ़ी लगाकर साफ-सफाई का काम कर रहे थे.

सीढ़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

घटना के कारणों के संबंध में बताया जाता है कि जिस समय सीआरपीएफ जवान घर की सफाई कर रहे थे, ठीक उसी समय गली से होकर एक ई-रिक्शा गुजर रहा था. ई-रिक्शा चालक पंडाल का सामान लादकर बंगाली पर की तरफ जा रहा था. संकरी गली में रास्ता ब्लॉक होने के कारण ई-रिक्शा चालक और सीआरपीएफ जवान के बीच बांस की सीढ़ी हटाने को लेकर बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते यह सामान्य सी बात विवाद में बदल गई और बात इतनी बढ़ गई कि बदमाशों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से पूरे परिवार पर जानलेवा हमला बोल दिया. इस हमले में बीच-बचाव करने आए पुत्र और साले को भी गंभीर चोटें आई हैं. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.

यह भी पढ़ें : सासाराम सिविल सर्जन ऑफिस में निगरानी का छापा, 20 हजार घूस लेते कर्मचारी गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >