Sheikhpura Coconut Subsidy Scheme : शेखपुरा जिले में नारियल की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्यान विभाग किसानों को 75 प्रतिशत सब्सिडी पर पौधे उपलब्ध करा रहा है. जिला उद्यान पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि जिले में एक हजार नारियल के पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके तहत पात्र किसानों को अनुदानित दर पर पौधे दिए जाएंगे.
एक पौधे के लिए किसान को देना होगा इतना अंशदान
उद्यान विभाग के अनुसार, एक नारियल पौधे की कीमत ₹115 निर्धारित की गई है. इस पर 75 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा, जबकि 25 प्रतिशत राशि किसान को स्वयं वहन करनी होगी. इसके अनुसार प्रत्येक पौधे के लिए किसान को ₹28.75 का कृषक अंश जमा करना होगा.
न्यूनतम पांच और अधिकतम 178 पौधे प्रति हेक्टेयर
योजना के तहत किसान संबंधित प्रखंड उद्यान पदाधिकारी के कार्यालय में निर्धारित कृषक अंश जमा कर पौधे प्राप्त कर सकते हैं. किसानों को न्यूनतम पांच और अधिकतम 178 पौधे प्रति हेक्टेयर की सीमा तक अनुदानित दर पर उपलब्ध कराए जाएंगे. विभाग का उद्देश्य जिले में नारियल की खेती का विस्तार करना है, क्योंकि वर्तमान में इसकी खेती बहुत सीमित है.
गगरी पंचायत बनी धनिया उत्पादन का क्लस्टर
मसाला फसलों को बढ़ावा देने के लिए उद्यान विभाग ने सदर प्रखंड की गगरी पंचायत को धनिया उत्पादन क्लस्टर के रूप में चयनित किया है. इस क्लस्टर में 125 किसानों को शामिल किया गया है, जिन्हें अनुदानित दर पर धनिया का बीज उपलब्ध कराया जा रहा है.
मसाला उत्पादन बढ़ाने पर विभाग का फोकस
जिला उद्यान पदाधिकारी ने बताया कि धनिया क्लस्टर का उद्देश्य जिले में मसाला फसलों का उत्पादन बढ़ाना और किसानों की आय में वृद्धि करना है. विभाग किसानों को उन्नत बीज और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य कर रहा है.
