शेखपुरा में घर के आंगन में गिरा 11 हजार वोल्ट का तार, चिंगारी से दहशत, बाल-बाल बचे लोग

Sheikhpura High-Tension Wire: शेखपुरा के बंगालीपर मोहल्ले में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर एक मकान के आंगन में गिर गया, जिससे बाल-बाल बचे व्यक्ति ने आपबीती सुनाई. घटना से पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई और बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोग परेशान हुए.

Sheikhpura High-Tension Wire : शेखपुरा नगर क्षेत्र के बंगालीपर मोहल्ले में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर एक मकान के आंगन में गिर गया. घटना के समय आंगन में मौजूद व्यक्ति बाल-बाल बच गया. सूचना के बाद बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई और देर रात तक इलाके में बिजली बाधित रही.

चिंगारी से दहशत, लोग घरों से बाहर नहीं निकले

तार टूटकर गिरने के बाद उसमें काफी देर तक चिंगारी निकलती रही. इससे पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया और लोग सुरक्षा के डर से घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके. सूचना मिलने के बाद विद्युत विभाग ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी.

प्रत्यक्षदर्शी ने सुनाई आपबीती

पीड़ित सूरज कुमार ने बताया कि वह आंगन में कुर्सी पर बैठकर मोबाइल देख रहे थे. तभी तेज आवाज के साथ हाईटेंशन तार उनके सामने आकर गिर गया. उन्होंने बताया कि यदि कुछ सेकंड का भी अंतर होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था.

वर्षों से हाईटेंशन लाइन हटाने की उठ रही मांग

स्थानीय लोगों अरविंद कुमार, संजय कुमार यादव और भोला कुमार ने बताया कि करीब 150 से 200 घरों के ऊपर तथा कई स्थानों पर मकानों के बीच से हाईटेंशन लाइन गुजरती है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार जिलाधिकारी और विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है.

जेई पहुंचे तो लोगों ने किया विरोध

घटना की सूचना मिलने पर बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) मौके पर पहुंचे. इस दौरान स्थानीय लोगों ने आबादी के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने की मांग को लेकर विरोध जताया. लोगों का कहना था कि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचने के लिए लाइन को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जाए.

देर रात बहाल हुई बिजली

स्थानीय लोगों के विरोध और तकनीकी कार्य के कारण कटरा फीडर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही. देर रात करीब डेढ़ बजे बिजली बहाल हो सकी. बिजली आपूर्ति बाधित रहने से कटरा फीडर से जुड़े बड़े इलाके के लोगों को रात तक परेशानी का सामना करना पड़ा.

Also Read : शेखपुरा में ट्रैक्टर के नीचे दबकर किसान की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ranjeet kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >