Sheikhpura News : शेखपुरा जिले के चेवाड़ा प्रखंड स्थित पीएम श्री प्लस टू परियोजना बालिका उच्च विद्यालय करंडे, उत्क्रमित उच्च विद्यालय कपासी और मध्य विद्यालय चेवाड़ा में बिहार राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और आपदा प्रबंधन जैसे गुणों का विकास करना है.
प्रथम और द्वितीय सोपान का दिया जा रहा प्रशिक्षण
भारत स्काउट एवं गाइड के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में छात्र-छात्राओं को प्रथम सोपान और द्वितीय सोपान का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. प्रशिक्षण के दौरान स्काउटिंग और गाइडिंग से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक विषयों की जानकारी भी दी जा रही है.
जिला मुख्य आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण
प्रशिक्षण शिविर के दौरान जिला मुख्य आयुक्त वीरेंद्र कुमार सिंह ने विद्यालय पहुंचकर औचक निरीक्षण किया. उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन और विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया. उनके आगमन पर जिला संगठन आयुक्त मनीष कुमार के नेतृत्व में स्काउट-गाइड कैडेटों ने आकर्षक गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनका स्वागत किया.
स्वागत नारों और गीतों से गूंज उठा विद्यालय परिसर
जिला मुख्य आयुक्त के स्वागत में विद्यालय परिसर स्काउट-गाइड कैडेटों के जोश और उत्साह से गूंज उठा. छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर 'हर्ष-हर्ष, जय-जय हो' और 'बरसा फूलों की' जैसे स्वागत नारों से वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया. इसके बाद विद्यालय सभागार में प्रशिक्षु छात्राओं ने स्वागत गीत और विभिन्न प्रकार की स्काउट तालियों के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया.
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अंजली कुमारी ने जिला मुख्य आयुक्त को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और स्वागत भाषण के माध्यम से विद्यालय में संचालित स्काउट-गाइड गतिविधियों की जानकारी दी.
स्काउट-गाइड जीवन जीने की कला सिखाता है
अपने संबोधन में जिला मुख्य आयुक्त वीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि स्काउट-गाइड केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है. यह बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सेवा भावना, आपदा प्रबंधन कौशल और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करता है. उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण में सीखी गई बातों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया और उन्हें देश का स्वर्णिम भविष्य बताया.
आपदा प्रबंधन से लेकर व्यक्तित्व विकास तक का दिया जा रहा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण शिविर में बच्चों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, गांठें एवं बंधन, ध्वज शिष्टाचार, टीम भावना, सेवा कार्य, अनुशासन, नेतृत्व विकास और व्यक्तित्व निर्माण सहित स्काउटिंग-गाइडिंग के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है.
शिक्षक और छात्र-छात्राओं की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम के अंत में मिस अनुष्का ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर शिक्षक अभिषेक कुमार, सत्येंद्र कुमार, सोनू कुमार, कुंदन कुमार, अनुष्का कुमारी, मुकेश, रजनीश कुमार, जयकिशन कुमार, निखिल राज, विक्रम कुमार सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य एवं प्रशिक्षु स्काउट-गाइड छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
