शेखपुरा में सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा, डीएम ने 19 लंबित आवेदनों के जल्द निपटारे का दिया निर्देश

शेखपुरा डीएम शेखर आनंद ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की. उन्होंने 19 लंबित आवेदनों के शीघ्र निपटारे और पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए.

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर जिला डीएम शेखर आनंद की अध्यक्षता में मंथन सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई.

बैठक के दौरान डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें.

कार्यपालक अभियंता विद्युत को निर्देशित किया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें तथा योजना की प्रगति से संबंधित सही एवं अद्यतन प्रतिवेदन नियमित रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि प्रगति की सतत समीक्षा की जा सके.

बैंक शाखा प्रबंधक लंबित आवेदनों पर करें अग्रतर कार्रवाई

बैठक में उपस्थित सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया गया कि प्राप्त एवं 19 लंबित आवेदनों का समयबद्ध एवं सही ढंग से परीक्षण कर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छोटी-छोटी त्रुटियों के कारण आवेदकों को बार-बार बैंक या कार्यालय का चक्कर न लगवाया जाए, बल्कि आवश्यक मार्गदर्शन देकर उनके आवेदन का शीघ्र निष्पादन किया जाए.

सब्सिडी का लाभ उठाएं उपभोक्ता और निर्धारित लक्ष्य करें प्राप्त

बैठक में जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत 2 किलोवाट क्षमता के सोलर रूफटॉप संयंत्र पर 60,000 रुपए तक और 3 किलोवाट क्षमता पर 78,000 रुपए तक की सब्सिडी का प्रावधान है. इच्छुक पात्र उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठाकर अपने बिजली व्यय में उल्लेखनीय कमी ला सकते हैं.

समीक्षा के दौरान यह भी बताया गया कि जिले में अब तक कुल 404 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन पर नियमानुसार प्रक्रिया जारी है.

डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा योजना के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर प्राप्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं.

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, जिला विकास पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता बिजली विभाग, सहायक अभियंता बिजली विभाग शेखपुरा, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के साथ-साथ सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक आदि उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Satyendra Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >