Shekhopursarai Model School : शेखोपुरसराय प्रखंड के नीमी स्थित उच्च विद्यालय का मॉडल सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय के रूप में शुभारंभ बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन फीता काटकर किया. वहीं विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में बरबीघा विधायक डॉ. पुष्पंजय कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला सिंह और नगर पंचायत अध्यक्ष रोहित मांझी ने कक्षा-कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया. इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण किया.
ग्रामीण छात्रों को मिलेगी आधुनिक शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी
समारोह को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शेखोपुरसराय प्रखंड तेजी से शिक्षा के उभरते केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है. मॉडल विद्यालय के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी. इससे विद्यार्थियों को NEET, UPSC तथा अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा.
विद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा
बरबीघा विधायक डॉ. पुष्पंजय कुमार ने विद्यालय के प्रधानाचार्य मृत्युंजय पाण्डेय से कहा कि विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए यदि किसी प्रकार की आवश्यकता हो तो इसकी जानकारी तत्काल दें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था अपने निजी कोष से कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा.
पहले चरण में 40 विद्यार्थियों को मिलेगी आधुनिक सुविधा
विद्यालय के प्रधानाचार्य मृत्युंजय पाण्डेय ने बताया कि प्रथम चरण में 40 छात्र-छात्राओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मजबूत शैक्षणिक आधार प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन कर सकें.
शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों की रही भागीदारी
कार्यक्रम में शिक्षक शंकर कुमार, रामशंकर कुमार, प्रभाकर पाण्डेय, अस्मिता कुमारी, रीना कुमारी, सुभाष कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित रहे. विद्यालय के मॉडल स्वरूप में विकसित होने से क्षेत्र के गरीब एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं में बेहतर शिक्षा को लेकर नई उम्मीद जगी है.
