शेखपुरा: नारी कल्याण जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति ने 20 कमाया लाख का शुद्ध लाभ, चेवाड़ा में आयोजित हुई वार्षिक आमसभा

शेखपुरा में नारी कल्याण जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की आमसभा आयोजित, समिति ने वित्तीय वर्ष में 20 लाख 55 हजार रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया.

Sheikhpura News: शेखपुरा जिले के चेवाड़ा प्रखंड के अंबेडकर भवन में 'नारी कल्याण जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड' की वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया. इस आमसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया तथा आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई.

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन बीडीओ (BDO) अमर कुमार, चेवाड़ा डीपीआरओ, जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक सरयू कुमार तथा संकुल संघ की अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.

"जीविका दीदियां हर क्षेत्र में अव्वल": BDO

समारोह को संबोधित करते हुए बीडीओ अमर कुमार ने जीविका दीदियों के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि चाहे स्वरोजगार का क्षेत्र हो या संगठित होकर समाज को जागरूक करने का कार्य, जीविका दीदियां हर मोर्चे पर आगे हैं.

प्रखंड परियोजना प्रबंधक सरयू कुमार ने आमसभा के उद्देश्यों और संकुल संघ के सामाजिक-आर्थिक विकास पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि समूह और बैंकों से मिलने वाले ऋण तथा प्रशिक्षण के बल पर दीदियां स्वरोजगार से जुड़कर अपने परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं.

वित्तीय वर्ष 2025-26 में 20.55 लाख रुपये का शुद्ध लाभ

नारी कल्याण जीविका स्वावलंबी सहकारी समिति की अध्यक्ष कुंती देवी ने बताया कि समिति ने पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान विभिन्न जीविकोपार्जन गतिविधियों, ऋण वितरण और सामुदायिक सेवाओं के माध्यम से 20 लाख 55 हजार रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है. बैठक में मौजूद लगभग 200 सदस्य दीदियों के सामने संघ के वार्षिक लाभ-हानि का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया.

दीदियों ने साझा की आत्मनिर्भरता की कहानियां

कार्यक्रम के दौरान कई जीविका दीदियों ने मंच से अपनी आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वावलंबन की प्रेरक कहानियां साझा कीं. इस वार्षिक आमसभा को सफल बनाने में अध्यक्ष कुंती देवी, सचिव बबीता देवी, कोषाध्यक्ष शन्तू देवी तथा जीविका प्रखंड इकाई की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा.

Also Read: शेखपुरा सदर अस्पताल में बुधवार को मेदांता के हृदय रोग विशेषज्ञ की ओपीडी, मरीजों को मिलेगा इलाज परामर्श


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Satyendra Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >