शेखपुरा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यालय में मंगलवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विभा रानी सहित सभी न्यायिक दंडाधिकारी के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई.
बैठक में 12 सितंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने एवं आयोजन पूर्व विचार-विमर्श के संबंध में एक समीक्षात्मक बैठक की गई. इसमें सभी से ज्यादा से ज्यादा मामलों में प्री-सिटिंग करके मामले के निपटारे पर जोर दिया गया.
बैठक में उपस्थित न्यायिक पदाधिकारी
बैठक में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विभा रानी, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रोहित कुमार, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी प्रतिभा कुमारी, मुंसिफ रोहित रंजन और न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी प्रदीप कुमार उपस्थित रहे.
नोटिस भेजने और तामिला कार्य पर कड़ी निगरानी का निर्देश
बैठक में सभी न्यायिक पदाधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निपटारे में अपनी पूरी भागीदारी निभाने की अपील की गई.
बताया गया कि अपने-अपने न्यायालयों में लंबित मामलों में पक्षकारों को नोटिस भेजने और उसके तामिला के कार्य पर कड़ी निगरानी रखते हुए इसे तत्परता के साथ निर्वहन करने का काम करें.
1500 से अधिक लोगों को भेजा जा चुका है नोटिस
बैठक में बताया गया कि अभी तक 1500 से ज्यादा लोगों को न्यायालय में लंबित मामले निपटाने के लिए नोटिस भेजा जा चुका है. शेष मामलों में भी नोटिस भेजने की प्रक्रिया जारी है. इसके साथ ही नोटिस के तामिला की रिपोर्ट लगातार प्राप्त की जा रही है.
1000 मामलों के निष्पादन का लक्ष्य और अन्य विभागों के साथ बैठक
राष्ट्रीय लोक अदालत में सभी प्रकार के सुलहनीय मामलों के साथ-साथ न्यायालय में लंबित कम से कम 1000 मामलों के निपटारे का लक्ष्य इन अधिकारियों के समक्ष रखा गया.
शेखपुरा जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा इससे पूर्व जिला प्रशासन के अधिकारियों, अधिवक्ताओं, बैंक प्रबंधकों, पुलिस पदाधिकारियों आदि के साथ भी बैठक आयोजित कर राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं.
