sheikhpura news: समाहरणालय के मंथन सभागार में जीविका परियोजना की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. डीएम शेखर आनंद की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीडीसी राकेश कुमार भी मौजूद रहे. डीएम और डीडीसी ने जीविका की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जीविका दीदियों के आर्थिक सशक्तीकरण, स्वरोजगार के विस्तार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया.
वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट की गतिविधियों की समीक्षा
बैठक में वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट के तहत संचालित कल्याणी जीविका महिला किसान उत्पादक कंपनी की गतिविधियों और आगे की कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की गयी. अधिकारियों ने कंपनी की वर्तमान गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली.
इसके साथ ही दीदी की रसोई, दीदी का सिलाई घर तथा प्रखंड और अंचल कार्यालयों में जीविका दीदियों के माध्यम से संचालित साफ-सफाई कार्यों की भी समीक्षा की गयी.
विभागों और बैंकों से समन्वय पर जोर
डीएम ने निर्देश दिया कि योजनाओं के संचालन में अन्य विभागों और बैंकों से किसी प्रकार की समस्या या समन्वय संबंधी कठिनाई सामने आती है, तो उसका समाधान समन्वय समिति की बैठक में प्राथमिकता के आधार पर किया जाये.
उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को दूर करने और लाभुकों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने पर जोर दिया.
मदारी गांव की योजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में सदर प्रखंड के मदारी गांव में संचालित गोवर्धन योजना, दीदी का अधिकार केंद्र, जीविका लाइब्रेरी, दीदी की नर्सरी, सतत जीविकोपार्जन योजना तथा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की भी विस्तृत समीक्षा की गयी.
डीएम ने निर्देश दिया कि इन योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभुकों तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाये. योजनाओं के संचालन में गुणवत्ता और नियमित निगरानी पर भी ध्यान देने को कहा गया.
आगामी कार्ययोजना से कराया गया अवगत
बैठक में जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक संतोष कुमार सोनू ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी डीएम और डीडीसी को दी.
बैठक में जीविका के सभी जिला स्तरीय प्रबंधक, सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक और अन्य परियोजना कर्मी शामिल हुए.
