International Day Against Drug Abuse and Illicit Trafficking : शेखपुरा में विश्व नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर 17 से 26 जून तक चलाए जा रहे नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई. अभियान का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त बिहार के संकल्प को मजबूत बनाना है.
Also Read : मलमास खत्म होते ही शुरू होगा शादी का सीजन, 22 जून से शुभ मुहूर्त उपलब्ध, बिहार में फिर गूंजेंगी शहनाइयां
नशाखोरी सामाजिक चुनौती, जागरूकता ही समाधान
इस क्रम में जिला आपूर्ति कार्यालय, आरएफसी, शेखपुरा मंडलकारा सहित अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मियों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया. शपथ के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प दोहराया. अधिकारियों ने कहा कि नशाखोरी केवल एक व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक चुनौती है. इससे परिवार, समाज और युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है. ऐसे में नशा उन्मूलन के लिए जनजागरूकता बेहद आवश्यक है. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने लोगों से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.
जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को किया जा रहा सचेत
उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी. अभियान के तहत जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा सके. अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों और जनसहभागिता से नशा मुक्त बिहार के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है. वहीं, कर्मचारियों ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया.
