Hathidah To Shekhodeora Rail Line News (निरंजन व सत्येन्द्र कुमार): बिहार के शेखपुरा, नवादा और इसके आस-पास के सुदूर ग्रामीण इलाकों को भारतीय रेलवे के मुख्य नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी पहल सामने आई है. राज्यसभा सांसद भीम सिंह ने पटना-क्यूल रेल खंड पर स्थित हाथीदह जंक्शन से लेकर नवादा जिला के प्रसिद्ध शेखोदेवरा तक एक नई रेल लाइन परियोजना के सर्वेक्षण और इसकी व्यवहार्यता का अध्ययन करने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक पत्र लिखा है. अरियरी प्रखंड के वृन्दावन गांव निवासी प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता पिंटू चंद्रवंशी के विशेष आग्रह पर सांसद द्वारा की गई इस बड़ी सिफारिश के बाद क्षेत्रीय विकास को एक नया पंख मिलने की उम्मीद जाग गई है.
धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहरों को मिलेगी नई पहचान
सांसद कार्यालय और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह प्रस्तावित रेल मार्ग केवल पटरियां बिछाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बिहार की सांस्कृतिक विरासत को देश के नक्शे पर मजबूती से स्थापित करेगा. यह नया रूट राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पावन जन्मभूमि सिमरिया धाम को सीधे लोकनायक जयप्रकाश नारायण की कर्मभूमि और स्वतंत्रता आंदोलन के गवाह रहे सर्वोदय आश्रम (शेखोदेवरा) से जोड़ेगा. इस नए ट्रैक के बनने से सिमरिया धाम, गिरहिंडा पहाड़, चांदी वृंदावन, माता शबरी धाम और सर्वोदय आश्रम जैसे बड़े धार्मिक व ग्रामीण पर्यटन केंद्रों तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों की पहुंच बेहद आसान हो जाएगी.
रोजगार के नए अवसर और व्यापार को रफ्तार
संसद में रेल मंत्री से इस परियोजना की पुरजोर वकालत करते हुए सांसद भीम सिंह ने बताया कि रेल संपर्क बहाल होने से शेखपुरा और नवादा जिलों में आधारभूत संरचना का विकास बुलेट ट्रेन की रफ्तार से आगे बढ़ेगा.
इस रूट के चालू होने से स्थानीय स्तर पर छोटे दुकानदारों, गाइडों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने से यह पूरा क्षेत्र आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएगा.
जिलेवासियों में भारी उत्साह, सांसद को दिया धन्यवाद
इस बड़ी सिफारिश की खबर जैसे ही शेखपुरा और नवादा कलेक्ट्रेट सहित ग्रामीण इलाकों में पहुंची, खेल प्रेमियों, व्यापारियों और आम जनता ने इसका पूरे उत्साह के साथ स्वागत किया.
पर्यावरणविद् और सामाजिक कार्यकर्ता पिंटू चंद्रवंशी ने आम जनता की भावनाओं को संसद के पटल तक पहुंचाने और रेल मंत्रालय को त्वरित पत्र भेजने के लिए राज्यसभा सांसद भीम सिंह के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है. अब पूरे इलाके की निगाहें रेल मंत्रालय के अगले कदम पर टिकी हैं कि कब इस नए रूट के लिए तकनीकी और आर्थिक संभावनाओं का ऑन-स्पॉट सर्वे शुरू किया जाता है.
