शेखपुरा: हरोहर नदी का बढ़ा जलस्तर, कई गांवों के बहियार में फैला पानी, फसलें प्रभावित

शेखपुरा में हरोहर नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. सैकड़ों एकड़ में लगी मक्का और धान की फसलें पानी में डूबने से किसानों को भारी नुकसान की आशंका है. प्रशासन ने 30 नावों को चिन्हित किया है और शरणस्थलियों को तैयार रखा है.

Shiekhpura News: घाटकुसुंभा प्रखंड क्षेत्र के समीप से गुजरने वाली गंगा की सहायक हरोहर नदी के जलस्तर में पिछले एक सप्ताह से लगातार वृद्धि हो रही है. नदी का पानी बढ़ने से आसपास के गांवों के लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है. आलापुर, पानापुर, बेलौनी और भदौंसी पंचायत के कई गांवों के बहियार में पानी लगातार फैल रहा है. जलजमाव के कारण सैकड़ों एकड़ में लगी मक्का और धान की फसल प्रभावित हुई है. कई जगहों पर पानी में डूबने के बाद मक्का की फसल सूख गयी है, जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है.

बारिश की कमी के बीच बाढ़ की चिंता

जिले के अधिकांश हिस्सों में बारिश की कमी के कारण सूखे जैसी स्थिति बनी हुई है. वहीं, घाटकुसुंभा क्षेत्र में गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ की चिंता बढ़ गयी है. पिछले कई दिनों से नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है. सबसे अधिक समस्या मवेशियों के लिए चारा-पानी और ग्रामीणों के लिए पेयजल की व्यवस्था को लेकर सामने आ रही है.

फिलहाल प्रखंड मुख्यालय से बना हुआ है संपर्क

फिलहाल प्रखंड और जिला मुख्यालय से लोगों का संपर्क बना हुआ है और स्थिति नियंत्रण में बतायी जा रही है. जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देश पर प्रखंड प्रशासन नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रख रहा है.

30 नावें की गयीं चिन्हित

सरकारी सूत्रों के अनुसार, आपात स्थिति में लोगों के आवागमन के लिए प्रखंड क्षेत्र में 30 नावों को चिन्हित किया गया है. बिना निबंधन वाली नावों के परिचालन पर रोक लगा दी गयी है. संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए तीन हजार से अधिक प्लास्टिक शीट भी तैयार रखी गयी हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों के बीच उनका वितरण किया जा सके.

भवनों को बनाया गया शरणस्थली

आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित रखने के लिए कई भवनों को शरणस्थली के रूप में चिन्हित किया गया है. जरूरत पड़ने पर सामुदायिक भोजनालय भी शुरू किये जाएंगे. प्रशासन ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सरकारी तंत्र से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रंजीत कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >