शेखपुरा : जनता दरबार में पहुंचे 43 मामले, DM शेखर आनंद ने अधिकारियों को दिए तुरंत कार्रवाई के निर्देश

Sheikhpura News : शेखपुरा जिले में जिला पदाधिकारी शेखर आनंद की अध्यक्षता में 'जिला जनता दरबार' का आयोजन किया गया. इस दरबार में 43 विभिन्न शिकायतें आईं, जिनमें भूमि विवाद, पेंशन और राशन जैसे मामले प्रमुख थे. जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को सभी आवेदनों का समय सीमा के अंदर और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया.

Sheikhpura News : शेखपुरा जिले के समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में डीएम शेखर आनंद की अध्यक्षता में 'जिला जनता दरबार' का आयोजन किया गया. सरकार के "सबका सम्मान, जीवन आसान" कार्यक्रम के तहत आयोजित इस जनता दरबार में भारी संख्या में ग्रामीण, विशेषकर बुजुर्ग और जरूरतमंद अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे.

इस जनता दरबार में कुल 43 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर जिला पदाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित निष्पादन कराने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम जनता को न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ ससमय मिले. इसके लिए जिला प्रशासन हर संभव प्रयत्नशील है.

आवेदनों का समय सीमा के अंदर और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का निर्देश

जनता दरबार में आए फरियादियों की शिकायतों को जिला पदाधिकारी ने एक-एक कर बारी-बारी से देखा और उनसे आत्मीय बातचीत कर वस्तुस्थिति को समझा. शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का समय सीमा के अंदर और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परिवादियों को सरकारी कार्यालयों का बार-बार चक्कर न लगाना पड़े.

कलेक्ट्रेट में "सबका सम्मान, जीवन आसान" कार्यक्रम के तहत जिले के सुदूर क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बूढ़े-बुजुर्ग बड़ी आस लेकर पहुंच रहे हैं.

भूमि विवाद, राशन और विभिन्न पेंशन योजनाओं से जुड़े मामलों की हुई सुनवाई

इस जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, पेंशन, समाज कल्याण और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामले छाए रहे, जिन पर जिला पदाधिकारी द्वारा आवश्यक निर्देश दिए गए. पिंजड़ी ग्राम के रामाकांत सिंह ने जनवितरण प्रणाली (PDS) के अंतर्गत कम राशन मिलने की गंभीर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिला पदाधिकारी ने यथाशीघ्र जांच प्रतिवेदन सौंपने का आदेश दिया. इसके साथ ही जमीन की मापी कराने, रसीद पर खाता-खसरा व रकबा चढ़ाने, भू-लगान, परिमार्जन कराने, अतिक्रमणवाद पर रोक लगाने, जमीन बेचने पर रोक लगाने तथा सकलदीप राम की जमीन से संबंधित मामले पर त्वरित जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.

इसके अलावा वृद्धापेंशन, विकलांगता पेंशन, ट्राईसाइकिल वितरण तथा चाँदनी पटेल को 'परवरिश योजना' का लाभ दिलाने हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने स्तर से लम्बित आवेदनों की जांचकर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करेंगे, अन्यथा संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

आम रास्तों से अवरोध हटाने और चापाकल लगाने से जुड़े आवेदनों पर कार्रवाई

जनता दरबार में नया चापाकल लगाने, सिंचाई कार्य हेतु बिजली पोल और तार लगाने, विद्यालय में खेल मैदान का निर्माण कराने तथा घर, प्राथमिकी दर्ज कराने एवं आम रास्तों से अवरोध हटाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए गए. इसके साथ ही मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, स्टूडेंट्स क्रेडिट कार्ड का लाभ दिलाने, लोन माफ करवाने तथा भरण-पोषण का लाभ दिलाने से जुड़े आवेदनों पर भी अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया.

इस अवसर पर अपर समाहर्ता (जांच) श्री संजय कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सह जिला जनता दरबार प्रभारी पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार सहित जिला स्तर के कई अन्य अधिकारी और कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

Also Read : गया जी : बिजली चोरी करते पकड़े गए दो उपभोक्ता, हजारों रुपये का जुर्माना और FIR दर्ज


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >