Sheikhpura News : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जिला इकाई के बैनर तले शुक्रवार को परिषद के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. एक निजी विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग की कुल छह टीमों ने भाग लिया. 16 से 20 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.
छह टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले
प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग की कुल आधा दर्जन टीमों ने हिस्सा लिया. खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मुकाबलों में भाग लिया. प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.
विवेकानंद और रानी लक्ष्मीबाई टीम ने जीता खिताब
बालक वर्ग में विवेकानंद टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया. वहीं बालिका वर्ग में रानी लक्ष्मीबाई टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया.
विजेता और उपविजेता टीमों को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों के सभी खिलाड़ियों को परिषद के पदाधिकारियों और अतिथियों ने सम्मानित किया. इस अवसर पर एबीवीपी के जिला प्रमुख गणनायक जी, यशपाल जी, विशेष अतिथि रंजीत कुमार, नालंदा संगठन मंत्री शुभम कुमार, बरबीघा नगर मंत्री स्पर्श भास्कर, पूर्व वरिष्ठ सदस्य मुकेश झा, विकास कुमार, राहुल कुमार तथा खेलो भारत की जिला प्रमुख छोटी कुमारी ने खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया.
खेलों के माध्यम से प्रतिभा निखारने पर दिया जोर
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने की अपील की और कहा कि एबीवीपी भविष्य में भी ऐसे आयोजन करती रहेगी.
Also Read : 10 दिन बाद बदला गया खराब ट्रांसफार्मर, देवपुरी गांव में बहाल हुई नल-जल योजना
