Sheikhpura Chain Snatching : शेखपुरा जिले में महिलाओं से बढ़ती चेन स्नेचिंग के मामले के बीच बरबीघा से एक राहत भरी खबर सामने आई है. रविवार को कथित तौर पर चेन स्नेचिंग गिरोह की दो महिला सदस्यों को लोगों ने पकड़कर मिशन थाना के हवाले कर दिया है.
दोनों महिलाएं करीब दो महीने के बाद पकड़ी गईं, जबकि गिरोह की तीन अन्य महिला सदस्य लोगों के चंगुल से बचकर भागने में सफल रहीं. पकड़ी गई महिलाओं से मिशन थाना में पूछताछ की जा रही है.
दो महीने पहले हुई थी सोने की चेन की चोरी
इस संबंध में मिशन चौक निवासी राकेश कुमार की पत्नी सोनी देवी ने बताया कि 2 महीना पहले वे पंचबदन स्थान कुसेढ़ी शिव मंदिर से पूजा करके ई-रिक्शा के माध्यम से वापस घर लौट रही थीं. बरबीघा थाना चौक पर ई-रिक्शा पहुंचते ही चार-पांच अज्ञात महिलाएं भी सवार हो गईं.
रास्ते में अज्ञात महिलाओं ने सोनी देवी का सामान टोटो पर गिरा दिया और उन्हें उलझाकर गले में पहनी हुई करीब 20 ग्राम सोने की चेन को गायब कर दिया. सोनी देवी जब घर पहुंचीं, तो उन्हें आभास हुआ कि महिलाओं ने उनके गले से सोने की चेन उड़ा ली है. मामले को लेकर उस समय मिशन थाना में प्राथमिकी भी दर्ज करवाई गई थी.
बाजार में पहचान कर महिलाओं को दबोचा
करीब दो महीने बाद सोनी देवी रविवार को नाग पंचमी त्योहार को लेकर बाजार खरीदारी करने के लिए घर से निकल रही थीं. तभी अचानक उनकी नजर उसी महिला गिरोह पर पड़ गई, जिसने उनकी सोने की चेन उड़ाई थी. गिरोह की सभी महिलाएं एक ही ई-रिक्शा पर सवार होकर बरबीघा बाजार की तरफ जा रही थीं.
उसी समय सोनी देवी वहां पहुंचीं और ई-रिक्शा रुकवाकर दो महिलाओं को पकड़ लिया और हल्ला करने लगीं. जब तक आसपास के लोग दौड़ते, तब तक तीन महिलाएं खेत के रास्ते भागने में सफल रहीं, जबकि दो महिलाएं पकड़ी गईं. सोनी देवी ने दावा किया कि वे पकड़ी गई महिलाओं का चेहरा कभी नहीं भूल सकती हैं.
मिशन थाना पुलिस की कार्रवाई और पूछताछ
उधर, कथित तौर पर चेन स्नेचिंग गिरोह की दो महिला सदस्यों को पकड़े जाने के बाद लोगों ने उन्हें मिशन थाने के हवाले कर दिया. मामले को लेकर थानाध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि पुलिस महिलाओं से कड़ाई से पूछताछ कर रही है.
महिलाएं नालंदा जिला के चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मौसिमपुर गांव की रहने वाली बताई गई हैं. फिलहाल पूछताछ के बाद ही मामले का पूरी तरह से खुलासा हो पाएगा. गौरतलब है कि जिले में चेन स्नेचिंग के बढ़ते मामलों को लेकर शेखपुरा पुलिस भी काफी चिंतित है.
कुछ दिन पहले भी शेखपुरा टाउन थाना पुलिस ने एक महिला का फोटो जारी करके आम लोगों से पहचान बताने की अपील की थी. फिलहाल देखना है कि पकड़ी गई दो महिलाओं के बाद गिरोह का पर्दाफाश हो पाता है या नहीं.
Also Read : कोईलवर का संगमेश्वरनाथ मंदिर : गंगा-सोन संगम पर विराजे महादेव, शिवलिंग में दिखती है गौरी-गणेश की आकृति
