शेखपुरा : सड़क हादसे में घायलों को उपचार नहीं मिलने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया. उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अरियरी में ताला लगा दिया. हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची. उस दौरान पहुंचे एक चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मचारियों को पुलिस ने सुरक्षा घेरे में ले लिया और अस्पताल का ताला खुलवाने का प्रयास करने लगे.
इसी दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस के जवानों पर धावा बोल कर डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मी को कब्जे में ले लिया और उनसे मारपीट शुरू कर दी. किसी तरह से डॉक्टर विजय कुमार विजय ने भागकर जान बचायी. इस दौरान स्वास्थ्यकर्मी ने भी एक घर में घुस कर जान बचायी. मारपीट में डॉक्टर विजय कुमार विजय, स्वास्थ्यकर्मी राजाराम, अरियरी थाने में तैनात पुलिसकर्मी कमल नयन और उमेश कुमार जख्मी हो गये.
थानाध्यक्ष रामकुमार के नेतृत्व में जवानों ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया. घायल स्वास्थ्यकर्मियों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराने के बाद सुरक्षित थाना लाया गया. मुखिया प्रतिनिधि यदुनंदन प्रसाद एवं बीडीओ संजय कुमार के समझाने-बुझाने के बाद आक्रोशित ग्रामीण अस्पताल से हट गये, पर शेखपुरा-आढ़ा पथ को जाम कर दिया.
सड़क जाम के दौरान उग्र लोगों ने नवीनगर काकराड़ के राहगीर मो इसराइल की भी धुनाई कर दी. इसके कारण दो गुटों में तनाव हो गया. घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीपीओ अमित शरण, एसडीएम राकेश कुमार ने किसी प्रकार ग्रामीणों को समझा-बुझाकर हटाया.
