शेखपुरा : सिरारी ओपी के एक गांव से शादी के चौथे दिन ही विवाहिता प्रेमी के साथ फरार हो गयी. पीड़ित पिता ने गांव के लीला यादव के पुत्र रोशन कुमार पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी है. ओपी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. उन्होंने बताया कि पहली नजर में मामला प्रेम प्रसंग का लगता है. ग्रामीणों के मुताबिक 26 अप्रैल को युवती की शादी हुई थी. शादी के बाद अहौर-बहौर की रस्म अदा करने के लिए वह दूल्हे के साथ वह 30 अप्रैल को मायका आयी थी. दो मई को दुल्हन को ससुराल जाना था. इसी दौरान एक मई को घर से सिरारी बाजार जाने की बात कहकर निकली और वापस नहीं लौटी.
बाद में पता चला कि गांव का युवक रोशन भी गायब है. पुराने प्रेम प्रसंग में युवक-युवती के फरार होने की बात सामने आयी. इसकी भनक लगते ही युवती के परिजन आक्रोशित हो गये और आरोपित के घर पर पहुंच कर हंगामा किया. साथ ही वहां खड़े ट्रैक्टर को भी जलाने का प्रयास किया. परिजनों ने लड़के घर में घुस कर तोड़फोड़ भी की. हालांकि, तोड़फोड़ की घटना से पुलिस ने इन्कार किया है. साथ ही इस घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया. घटना को लेकर सिरारी ओपी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंच कर छानबीन की गयी. उन्होंने बताया कि छानबीन के दौरान यह प्रेम प्रसंग का पुराना मामला सामने आया.
