गया की एक कंपनी ने दर्ज कराया मामला
शेखपुरा : शेखोपुरसराय की न्यू कॉलोनी में चल रहे एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक ने 15 लाख रुपये का गबन कर लिया. इस मामले में सेवा सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक ने संचालक समेत तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करायी है. इस मामले को लेकर कंपनी के डायरेक्टर पंकज कुमार ने संचालक शिवकुमार के विरुद्ध यह प्राथमिकी दर्ज करायी है. मामले में आरोपित संचालक शिव कुमार एवं उसके पिता श्रवण उर्फ सुरेश प्रसाद समेत तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
आरोपित संचालक शेखोपुरडीह का गांव निवासी है. इस मामले को लेकर शेखोपुरसराय थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि ग्राहक सेवा केंद्र के कई खाताधारियों ने यह शिकायत दर्ज करायी थी कि ग्राहक सेवा केंद्र के संचालन के द्वारा पैसे का लेनदेन व्यक्तिगत तौर पर कर रहे हैं. ऐसी परिस्थिति में डायरेक्टर ने कंपनी के कुछ अधिकारियों को जांच के लिए नीमी गांव भेजा. जांच के दौरान कई प्रकार की गड़बड़ियां सामने आए.
खास बात यह है कि इस गबन के इस मामले में जांच के बाद 17 जनवरी, 2018 को आरोपी ग्राहक सेवा केंद्र संचालक शिव कुमार ने कार्यालय में शपथ पत्र के माध्यम से गड़बड़ी को स्वीकारते हुए तीन माह के अंदर ग्राहकों का पैसा लौटाने का दावा किया. लेकिन समय बीत जाने के बाद भी पैसा नहीं लौटाया जा सका. अप्रैल को स्थित कंपनी के कार्यालय में आरोपी संचालक 15 लाख की गड़बड़ी को स्वीकार लिया. इतना ही नहीं आरोपित ने 19 अप्रैल को चेक संख्या 592401 देकर गड़बड़ी की सारी राशि वापस लौटाने का दावा किया. लेकिन आरोपित के द्वारा दिया गया चेक राशि के अभाव में बांस कर गया.
