शिवहर में विश्व जनसंख्या दिवस पर जीविका का बड़ा अभियान, 14 संकुल संघों में गूंजा परिवार नियोजन का संदेश

विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शिवहर जिले में जीविका ने 14 संकुल स्तरीय संघों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए. इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य परिवार नियोजन, जनसंख्या स्थिरता और स्वस्थ परिवार के महत्व को समझाना था.

World Population Day Sheohar: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) की ओर से जिले के पांच प्रखंडों के 14 संकुल स्तरीय संघों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. कार्यक्रमों का उद्देश्य परिवार नियोजन, जनसंख्या स्थिरता और स्वस्थ परिवार के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा.

प्रभात फेरी, रंगोली और परिचर्चा के जरिए दिया संदेश

तरियानी, पिपराही, शिवहर, डुमरी कटसरी और पुरनहिया प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान प्रभात फेरी, रंगोली प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता और जनसंख्या स्थिरता एवं परिवार कल्याण विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया. इसमें बड़ी संख्या में जीविका दीदियों और स्थानीय समुदाय के लोगों ने भाग लिया.

स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर चल रहा अभियान

शिवहर जिले के पांचों प्रखंडों में स्वास्थ्य विभाग और जीविका के समन्वय से परिवार नियोजन अभिसरण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया तकनीकी सहयोग दे रहा है.

जीविका अधिकारियों के अनुसार, मिशन परिवार विकास की अप्रैल 2026 की रैंकिंग में शिवहर जिला पूरे बिहार में प्रथम स्थान पर रहा है.

महिलाओं की भागीदारी से मिलेगा बेहतर परिणाम

शिवहर सदर स्थित रचना जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति के कार्यक्रम में अध्यक्ष ललिता देवी ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता केवल जनसंख्या नियंत्रण का विषय नहीं है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं, महिलाओं की शिक्षा और युवाओं में सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन से ही इसे हासिल किया जा सकता है.

उन्होंने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस का उद्देश्य परिवार नियोजन, प्रजनन स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, लैंगिक समानता और जनसंख्या वृद्धि के सामाजिक-आर्थिक प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना है.

पुरनहिया में निकली प्रभात फेरी

पुरनहिया प्रखंड में जीविका दीदियों ने प्रभात फेरी निकालकर जनसंख्या स्थिरता और परिवार नियोजन के पक्ष में लोगों को जागरूक किया.

मास्टर रिसोर्स पर्सन सावन कुमारी ने कहा कि जीविका दीदियां गांव-गांव जाकर परिवार नियोजन और स्वस्थ परिवार का संदेश पहुंचा रही हैं. उनका कहना था कि खुशहाल परिवार ही सतत आजीविका और सामाजिक विकास की मजबूत नींव है.

बड़ी संख्या में जीविका दीदियां रहीं मौजूद

कार्यक्रमों में विभिन्न संकुल स्तरीय संघों की महिला लीडरों के साथ मास्टर रिसोर्स पर्सन स्वास्थ्य एवं पोषण सावन कुमारी, रंभा कुमारी, सुनीता देवी, पूजा कुमारी, मनोरमा कुमारी, प्रतिमा देवी, नीलम देवी, रूबी शाही सहित सभी प्रखंडों की सामुदायिक पोषण संसाधन सेविकाएं और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद रहीं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manish kumar sing

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >