तरियानी अस्पताल पहुंचीं डीएम प्रतिभा रानी! अंधेरे कमरे में मिले जच्चा-बच्चा किट, दवा स्टोर में भारी लापरवाही पर एक्शन

शिवहर की जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने तरियानी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई गंभीर खामियां पाई गईं, जिन पर डीएम ने गहरी नाराज़गी व्यक्त की. उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए हैं.

Tariyani PHC Inspection: शिवहर जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), तरियानी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी. निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की भारी कमी, दवा भंडारण में लापरवाही और मरीजों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं में कई गंभीर खामियां उजागर हुईं. अस्पताल की बदहाल स्थिति और कर्मचारियों के लापरवाह रवैये पर डीएम ने गहरी नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र प्रबंधन और संबंधित कर्मियों को अपनी कार्यशैली में तत्काल सुधार लाने तथा जनहित में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया.

जिला पदाधिकारी द्वारा पीएससी तैयारी का निरीक्षण करते हुए

दवाओं के रखरखाव में लापरवाही, स्टोर इंचार्ज से स्पष्टीकरण तलब

जिला पदाधिकारी ने सबसे पहले अस्पताल के दवा स्टोर रूम का बारीकी से मुआयना किया. जांच में पाया गया कि जीवनरक्षक दवाओं का भंडारण व्यवस्थित ढंग से नहीं किया गया था और दवाएं बेतरतीब तरीके से रखी हुई थीं. इससे भी बड़ी लापरवाही यह सामने आई कि स्टोरकीपर द्वारा एक्सपायरी दवाओं तथा चालू माह में एक्सपायर होने वाली दवाओं की कोई अलग से क्रमवार सूची तैयार नहीं की गई थी. दवाओं के रख-रखाव में इतनी बड़ी अनदेखी को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए डीएम ने स्टोर इंचार्ज अजय कुमार से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण तलब करने का आदेश दिया.

अंधेरे कमरे में मिले जच्चा-बच्चा किट, ड्यूटी रोस्टर गायब

अस्पताल के कमरों के निरीक्षण के दौरान एक हैरान करने वाला नजारा दिखा. नवजात शिशुओं और प्रसूता माताओं के लिए मिलने वाले महत्वपूर्ण जच्चा-बच्चा किट एक सुनसान अंधेरे कमरे में धूल फांक रहे थे और यत्र-तत्र बिखरे पड़े थे. इस पर डीएम ने सख्त ऐतराज जताते हुए निर्देश दिया कि सभी पात्र प्रसूता महिलाओं को नियमानुसार किट उपलब्ध कराई जाए और इनका सुरक्षित भंडारण हो. इसके अतिरिक्त अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का रोस्टर चार्ट भी किसी सार्वजनिक स्थल पर नहीं पाया गया. डीएम ने निर्देश दिया कि रोस्टर को मुख्य द्वार और सुगम स्थान पर प्रदर्शित किया जाए ताकि आने वाले मरीजों को डॉक्टर की उपलब्धता की सही जानकारी मिल सके.

शौचालयों में पसरी गंदगी और कबाड़ देख जताई नाराजगी

पीएचसी परिसर में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आई. अस्पताल के शौचालयों में अत्यधिक गंदगी पाई गई तथा पूरे परिसर में जगह-जगह अनुपयोगी सामग्री और कचरा फैला हुआ था. मरीजों के बैठने और पेयजल व्यवस्था का भी अभाव दिखा. डीएम ने अस्पताल के सफाई कर्मियों और स्वास्थ्य प्रबंधक को फटकार लगाते हुए परिसर और शौचालयों को दिन में कई बार नियमित रूप से सैनिटाइज व साफ रखने का कड़ा आदेश दिया.

व्यवस्था सुधारने की सख्त चेतावनी

डीएम प्रतिभा रानी ने स्वास्थ्य केंद्र के सभी डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा दी जा रही मुफ्त दवाओं और जांच सुविधाओं का सीधा लाभ आम गरीब जनता तक समय पर पहुंचना चाहिए. प्रसूताओं की समुचित देखभाल में कोई कोर-कसर न छोड़ी जाए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सीधे निलंबन और विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Madhurendra kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >