Sheohar News: सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग कुमार रवि के नेतृत्व में तरियानी एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए बिना निबंधन के एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया तथा विभिन्न मामलों में कुल 84 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.
Tariani News: बिना निबंधन ट्रैक्टर किया गया जब्त
जांच अभियान के दौरान व्यावसायिक कार्यों में प्रयुक्त वाहनों के कागजातों की विशेष जांच की गई. मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं का उल्लंघन करने पर बिना निबंधन वाले एक ट्रैक्टर को मौके पर ही जब्त कर तरियानी थाना के सुपुर्द कर दिया गया.
यातायात नियम तोड़ने वालों से वसूला गया जुर्माना
अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बिना फिटनेस प्रमाण पत्र और बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र के वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई. परिवहन विभाग ने विभिन्न मामलों में कुल 84 हजार रुपये का जुर्माना वसूला. बिना वैध निबंधन प्लेट के संचालित ट्रैक्टर, दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का मौके पर ही चालान काटा गया.
वाहन स्वामियों से नियमों का पालन करने की अपील
जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग कुमार रवि ने कहा कि बिना निबंधन, बिना बीमा और बिना कर चुकाए किसी भी वाहन, विशेषकर ट्रैक्टर एवं व्यावसायिक वाहनों का संचालन गंभीर और दंडनीय अपराध है. उन्होंने सभी वाहन स्वामियों से अपने वाहनों का शीघ्र निबंधन कराने तथा रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, फिटनेस एवं ड्राइविंग लाइसेंस जैसे आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की.
आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सघन वाहन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. यातायात नियमों और मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यक होने पर वाहनों को तत्काल जब्त किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: वाल्मीकिनगर गंडक बराज से दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया, निचले इलाकों में बढ़ा बाढ़ का खतरा
