शिवहर में साइबर ठगी के शिकार हुए तो घबराएं नहीं, पुलिस ने ऐसे वापस कराए पीड़ित के 50 हजार रुपये

शिवहर पुलिस ने एक बार फिर साइबर अपराधियों पर नकेल कसते हुए ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति के 50 हजार रुपये तुरंत वापस कराए हैं. इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार में खुशी का माहौल है.

Sheohar SP Janta Darbar: शिवहर समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय कक्ष में बुधवार को एसपी शैलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं एसपी के समक्ष रखीं. पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी से बारी-बारी मिलकर उनकी समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना और मामलों से संबंधित थाना प्रभारियों व पुलिस पदाधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर निष्पक्ष व त्वरित निष्पादन का कड़ा निर्देश दिया.

एसपी ने दिए मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश

जनता दरबार में जमीन विवाद, आपसी मारपीट और अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए गए. एसपी शैलेन्द्र सिंह ने मौके पर ही कई मामलों में संबंधित पुलिस अधिकारियों को फोन कर जांच रिपोर्ट तलब की. उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि थाने में आने वाले हर पीड़ित की बात को गंभीरता से सुना जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए. जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को बिना किसी देरी के सुलभ न्याय दिलाना है.

साइबर पुलिस का बड़ा एक्शन, 50 हजार रुपये कराए वापस

इधर, साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिवहर पुलिस को एक और उल्लेखनीय सफलता मिली है. एसपी शैलेन्द्र सिंह के कुशल निर्देशन और साइबर डीएसपी इशानी सिन्हा के नेतृत्व में साइबर थाना की तकनीकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार एक पीड़ित की पूरी राशि उसके बैंक खाते में सुरक्षित वापस करा दी है. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार में काफी खुशी का माहौल है.

मानपुर निवासी मनेन्द्र कुमार बने थे ठगी का शिकार

साइबर डीएसपी इशानी सिन्हा ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी स्व. राघव प्रसाद सिंह के पुत्र मनेन्द्र कुमार सिंह साइबर अपराधियों के झांसे में आ गए थे. शातिर ठगों ने धोखाधड़ी कर उनके बैंक खाते से 50 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली थी. घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही तकनीकी टीम ने संबंधित बैंक और वित्तीय नोडल एजेंसियों से संपर्क साधकर ट्रांजेक्शन को तत्काल फ्रीज कराया और पूरे 50 हजार रुपये की रकम पीड़ित के खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी. पुलिस ने आम लोगों से किसी भी अनजान लिंक या ओटीपी को साझा न करने की अपील की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >