शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
Sheohar News: पिपराही प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय हरपुर में बच्चों के अधिकारों और सामाजिक जागरूकता को लेकर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बाल विवाह और बाल श्रम जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं पर चर्चा की गई. कार्यशाला में बच्चों, शिक्षकों और विद्यालय के प्रधानाचार्य ने भाग लेकर जागरूकता का संदेश दिया.
बाल विवाह और बाल श्रम रोकने पर दिया गया जोर
कार्यक्रम का आयोजन बिहार ग्राम विकास परिषद की ओर से किया गया. जिला समन्वयक अनिल कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला को “एक्सेस टू जस्टिस” परियोजना और “जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन” का सहयोग मिला. इस दौरान बच्चों को उनके अधिकारों और कानून से जुड़ी जानकारियां दी गईं.
तय उम्र से पहले शादी नहीं करने की अपील
कार्यशाला में अनिल कुमार ने कहा कि लड़कियों की शादी 18 वर्ष और लड़कों की शादी 21 वर्ष की उम्र के बाद ही होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कम उम्र में शादी और बच्चों से मजदूरी कराना कानूनन अपराध है और इससे बच्चों का भविष्य प्रभावित होता है.
टोल-फ्री नंबर पर सूचना देने की अपील
कार्यक्रम के दौरान लोगों से अपील की गई कि अगर कहीं बाल विवाह की जानकारी मिले तो तुरंत टोल-फ्री नंबर 1800-102-7222 पर सूचना दें. साथ ही सभी उपस्थित लोगों ने बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का संकल्प भी लिया.
बच्चों को दी गई जागरूकता की जानकारी
कार्यशाला में बच्चों को शिक्षा के महत्व, बाल अधिकार और सुरक्षित भविष्य को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई. शिक्षकों ने भी बच्चों से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने की अपील की.
