Sheohar News: शिवहर में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े. हादसा नगर थाना क्षेत्र के खैरवा दर्प के पास सोमवार देर रात हुआ. जानकारी के मुताबिक, सुगिया कटसरी निवासी रघुवीर कुमार अपनी बाइक से जा रहा था. इसी दौरान उसकी टक्कर मधुबनी घाट निवासी 14 वर्षीय आयुष कुमार से हो गई, जो पास में चल रहे एक बारात समारोह में शामिल होने आया था और खाना खाने के बाद टहल रहा था.
गंभीर स्थिति में मुजफ्फरपुर रेफर
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बिना देर किए दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया. स्थानीय लोगों ने समय पर पुलिस की कार्रवाई की सराहना की और उम्मीद जताई कि दोनों की जान बच जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: शिवहर: घर से निकला युवक बना लाश, बांस झुरमुट में मिला शव, घर का चिराग बुझा
शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
