शिवहर जन-जागरूकता अभियान: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा और समर्पण तथा विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प में आम लोगों की सीधी सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिवहर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा. डीएम प्रतिभा रानी के निर्देश पर अभियान के तहत 13 विशेष थीम पर जन-जागरूकता और कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
लंबित कार्यों को पूरा करने का भी लक्ष्य
अभियान के तहत पुराने लंबित कार्यों को 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. वहीं, नई संरचनाओं के निर्माण का काम 31 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. प्रशासन की ओर से अभियान से जुड़े कार्यक्रमों और कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है.
17 सितंबर से शुरू होगा कार्यक्रमों का सिलसिला
अभियान के तहत 17 सितंबर को 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसी दिन से 17 अक्टूबर तक 'सेवा स्मरण', 'कहानी बदलाव की' और 'सेवा ज्योति यात्रा' जैसे कार्यक्रम चलेंगे.
24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक 'सेवा मित्र' के तहत चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. वहीं, 28 से 30 सितंबर तक 'आंगन का मिलन' कार्यक्रम होगा.
अक्टूबर में होंगे कई विशेष आयोजन
5 से 9 अक्टूबर तक 'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसके बाद 6 अक्टूबर को 'सेवा हेतु अभियान-संकल्प आपके द्वार' कार्यक्रम होगा. 15 अक्टूबर को 'सेवा के रंग' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
अभियान के दौरान हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज का भी आयोजन होगा. इसके अलावा 'जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से संवाद' कार्यक्रम के माध्यम से पंचायत स्तर पर संवाद की पहल की जाएगी.
25 वर्षों की 25 कहानियां होंगी संकलित
अभियान के तहत पिछले 25 वर्षों की 25 बेहतरीन कहानियों का संकलन तैयार करने की भी योजना है. इसके जरिए विभिन्न क्षेत्रों में हुए बदलाव और सेवा से जुड़े कार्यों को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा.
जिले में एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है. प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों और स्तरों पर निर्धारित कार्यक्रमों को समय पर पूरा करने की तैयारी शुरू कर दी है.
यह भी पढे़ं:
आंगनबाड़ी में पहुंचीं डीएम प्रतिभा रानी, बच्चों से पूछा भोजन कैसा मिलता है
