शिवहर सदर अस्पताल में लगातार दूसरे दिन SDM का औचक निरीक्षण, अवैध वसूली और लापरवाही पर सख्त चेतावनी

शिवहर सदर अस्पताल में एसडीएम डॉ. अनंत कुमार ने लगातार दूसरे दिन औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों में लापरवाही मिलने पर कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई गई. मरीजों से अवैध राशि मांगने की शिकायत पर भी सख्त निर्देश जारी किए गए.

Sheohar News: जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन एसडीएम डॉ. अनंत कुमार ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का जायजा लिया और लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई.

एसडीएम ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही या भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमित निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा.

कई विभागों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पंजीकरण काउंटर, दवा वितरण केंद्र, एक्स-रे विभाग, आपातकालीन कक्ष, डायलिसिस सेंटर, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), रचना जीविका रसोई और ब्लड बैंक सहित कई विभागों का निरीक्षण किया.

इस दौरान साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और कर्मचारियों की उपस्थिति की भी समीक्षा की गई.

अनुपस्थित रहने और ड्यूटी में लापरवाही पर लगाई फटकार

एक दिन पहले अनुपस्थित मिले पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) के जीएनएम के ड्यूटी पर मिलने पर एसडीएम ने सख्त नाराजगी जताई.

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, "नौकरी करनी है या नहीं, समय पर ड्यूटी पर पहुंचिए. लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी."

एक्स-रे विभाग और प्रसव कक्ष में भी दिए सख्त निर्देश

एक्स-रे विभाग में एसडीएम ने कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अपनी ड्यूटी किसी दूसरे व्यक्ति से न कराएं. उन्होंने कहा कि यदि ऐसी अनियमितता पाई गई तो संबंधित कर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.

प्रसव कक्ष के निरीक्षण के दौरान मरीजों के परिजनों से बख्शीश या अवैध राशि मांगने की शिकायत पर संबंधित नर्सिंग कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई गई. एसडीएम ने निर्देश दिया कि मरीजों से किसी भी प्रकार की राशि लेना पूरी तरह प्रतिबंधित है. शिकायत सही मिलने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

अस्पताल की व्यवस्था सुधारने पर हुई चर्चा

निरीक्षण के बाद एसडीएम ने डॉ. इमरान मेहंदी और डॉ. अजय कुमार के साथ अस्पताल की व्यवस्थाओं, अनुशासन और कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की.

इस दौरान अस्पताल प्रबंधक संजय कुमार भी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >