शिवहर में पंचायती राज मंत्री का बड़ा बयान, 2011 की जनगणना के आधार पर होगा पंचायत चुनाव

बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने स्पष्ट किया कि राज्य में पंचायत चुनाव 2011 की जनगणना के आधार पर ही आयोजित किए जाएंगे. जानिए पूरी जानकारी.

Sheohar News: बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शिवहर में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि राज्य में पंचायत चुनाव निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शीघ्र कराए जाएंगे और चुनाव 2011 की जनगणना के आधार पर ही होंगे. उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था को अधिक सशक्त, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की.

पंचायत चुनाव और नए पंचायत गठन पर दिया बयान

मंत्री ने कहा कि वर्तमान में पंचायत चुनाव 2011 की जनगणना के आधार पर ही होंगे. उन्होंने बताया कि भविष्य में जनसंख्या वृद्धि के अनुसार नए पंचायतों के गठन की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी. जिला परिषद अध्यक्ष और प्रमुख के प्रत्यक्ष चुनाव के संबंध में उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई प्रावधान नहीं है. सरकार यदि निर्णय लेती है तो उसी के अनुरूप कार्रवाई होगी.

पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

ग्रामीण स्तर पर टैक्स व्यवस्था को लेकर मंत्री ने कहा कि पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर व्यवसायिक गतिविधियों पर नियमानुसार कर लगाने की व्यवस्था लागू होगी. इससे पंचायतों की आय बढ़ेगी और स्थानीय विकास कार्यों को गति मिलेगी.

विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मंत्री दीपक प्रकाश ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायतों में सड़क, नाली-गली, पेयजल, सौर ऊर्जा सहित सभी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं. लंबित पंचायत सरकार भवनों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया गया.

शिवहर जिले की योजनाओं की समीक्षा

मंत्री ने बताया कि शिवहर जिले में कुल 53 ग्राम पंचायत हैं. इनमें 49 पंचायत सरकार भवन स्वीकृत हैं, जबकि 17 भवन निर्माणाधीन हैं और 15 भवन पूर्ण हो चुके हैं. मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत 7,810 लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं. मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत चिन्हित पंचायतों में भी कार्य प्रगति पर है. साथ ही मोक्षधाम निर्माण की योजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है.

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मंत्री ने कहा कि जनता से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी. सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए. इस मौके पर एसडीएम डॉ. अनंत कुमार, एसडीपीओ अनुशील कुमार समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में नशा मुक्ति अभियान, पीएम मोदी का लाइव संबोधन दिखाया गया


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >