Sheohar News: बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (BSLSA), पटना के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), शिवहर संजय अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों में न्याय को सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है. जिले के डुमरी कटसरी प्रखंड अंतर्गत मकसूदपुर कररिया ग्राम पंचायत में आम जनता को उनके घर के समीप मुफ्त कानूनी सहायता, विधिक सलाह और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधिक सहायता क्लिनिक (Legal Aid Clinic) का विधिवत उद्घाटन किया गया.
वंचितों व महिलाओं को मिलेगा पूरी तरह निःशुल्क कानूनी परामर्श
विधिक सहायता क्लिनिक की शुरुआत से समाज के अत्यंत गरीब, जरूरतमंद, महिलाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और वंचित वर्गों को सीधा लाभ मिलेगा.
ग्रामीणों को अब कानूनी परामर्श के लिए जिला मुख्यालय या अधिवक्ताओं के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. इस केंद्र के माध्यम से उन्हें उनके अधिकारों की जानकारी और विभिन्न विवादों में निःशुल्क कानूनी सलाह मौके पर ही दी जाएगी.
पीएलवी की तैनाती और सुलह-समझौते से मामलों का निष्पादन
क्लिनिक के सुचारू व प्रभावी संचालन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर द्वारा प्रशिक्षित पैरा लीगल वालंटियर्स (PLV) की प्रतिनियुक्ति की गई है.
पीएलवी निर्धारित दिनों पर क्लिनिक में उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनेंगे और उनका उचित समाधान कराने में सहयोग करेंगे. इस केंद्र का प्राथमिक उद्देश्य स्थानीय स्तर के छोटे-मोटे पारिवारिक और दीवानी विवादों को आपसी सुलह-समझौते व मध्यस्थता के जरिए राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से निपटाना है, ताकि ग्रामीण अनावश्यक अदालती मुकदमों के मानसिक और आर्थिक बोझ से बच सकें.
हेल्पलाइन और संपर्क नंबर जारी, ग्रामीणों ने जताया आभार
उद्घाटन के अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, पीएलवी, भारी संख्या में महिलाएं, प्रबुद्ध नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे. ग्रामीणों ने न्यायपालिका की इस जन-कल्याणकारी पहल का स्वागत करते हुए प्राधिकार के प्रति आभार व्यक्त किया.
प्राधिकार के अनुसार, विधिक सहायता के संदर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय के मोबाइल नंबर 7070092435 अथवा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा इच्छुक व्यक्ति सीधे डीएलएसए शिवहर कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: घास काटते वक्त पति से वीडियो कॉल कर रही थी 8 माह की गर्भवती, पड़ोस की महिलाओं ने कर दी पिटाई
