Sheohar News: शिवहर. आम जनमानस को सुलभ, त्वरित और पारदर्शी सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, शिवहर ने अंचल कार्यालय, डुमरी कटसरी का गहन निरीक्षण किया. इस दौरान अंचल कार्यालय के विभिन्न कार्यों, पंजियों के संधारण, राजस्व वसूली और लोक सेवाओं की अद्यतन स्थिति की बारीकी से जांच की गयी. कार्यों में कोताही को लेकर जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए.
दाखिल-खारिज के लंबित मामलों पर कर्मचारियों से की गयी पूछताछ
निरीक्षण के दौरान दाखिल-खारिज के लंबित मामलों और टोकन रिपोर्ट की समीक्षा की गयी. संबंधित राजस्व कर्मचारी से लंबित मामलों को लेकर पूछताछ की गयी. जिला पदाधिकारी ने सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को शो-कॉज करने की कार्रवाई का भी निर्देश दिया गया.
अधूरी पंजियों को लेकर DM ने जतायी नाराजगी
कार्यालय में आगत और निर्गत पंजी अपूर्ण पाये जाने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने दोनों पंजियों को पूर्ण रूप से संधारित करने का निर्देश दिया. साथ ही RTI पंजी, शनिवारीय जनता दरबार पंजी और माननीय न्यायालय से प्राप्त वाद पंजी को अद्यतन रखने तथा कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका का समय पर सत्यापन कराने को कहा.
गार्ड फाइल और रिकॉर्ड रूम को व्यवस्थित करने का आदेश
जिला पदाधिकारी ने सभी महत्वपूर्ण पत्रों और विभागीय दिशा-निर्देशों की प्रतियां रक्षी पंजी यानी Guard File में अनिवार्य रूप से संधारित करने का निर्देश दिया. रिकॉर्ड रूम को पूरी तरह व्यवस्थित रखने को कहा गया. निरीक्षण के दौरान कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की भी समीक्षा की गयी.
अग्रिम राशि के समायोजन के लिए आवंटन मांगने का निर्देश
सहायक रोकड़ बही और मुख्य रोकड़ बही के निरीक्षण के दौरान आवंटन के अभाव में अग्रिम पड़ी राशि की भी जानकारी ली गयी. जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द आवंटन की मांग कर राशि का समायोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
128 LPC आवेदनों का हुआ शत-प्रतिशत निष्पादन
निरीक्षण के क्रम में राजस्व और लोक सेवाओं यानी RTPS की स्थिति का भी जायजा लिया गया. अद्यतन प्रतिवेदन के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक आवासीय, आय, जाति और EWS से संबंधित हजारों आवेदनों का निष्पादन किया गया है. वहीं भू-स्वामित्व प्रमाण पत्र यानी LPC के प्राप्त सभी 128 आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन किया जा चुका है.
7.29 लाख रुपये की हुई लगान वसूली, बसेरा-2 के सभी आवेदन निपटे
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अंचल अंतर्गत अब तक 4026 ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 7,29,360 रुपये की लगान वसूली की गयी है. अभियान बसेरा-2 के तहत दर्ज सभी 64 ऑनलाइन आवेदनों का भी शत-प्रतिशत निष्पादन किया जा चुका है. वहीं लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, खास महाल, अंकेक्षण और CWJC/MJC से संबंधित कोई मामला वर्तमान में लंबित नहीं है. अतिक्रमण से जुड़े मामलों का भी लगातार निष्पादन किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: UP के लखनऊ में 1.5 करोड़ की चोरी कर रून्नीसैदपुर में छिपी थी महिला, डिलीवरी बॉय बनकर पुलिस ने दबोचा
