मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिवहर में 200 करोड़ की 40 विकास योजनाओं की दी सौगात

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिवहर में बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल का शुभारंभ किया. इस परियोजना के साथ ही 200 करोड़ रुपये की 40 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया. यह कदम क्षेत्र के किसानों और बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए राहत लाएगा.

Samrat Choudhary Sheohar Visit: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को शिवहर जिले के दौरे के दौरान करीब 200 करोड़ रुपये की लागत वाली 40 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल (बेलवाधार) निर्माण कार्य का भी फीता काटकर शुभारंभ किया, जिसके बाद बेलवा डैम से पुरानी धारा में पानी का प्रवाह शुरू हो गया.

इस परियोजना को बागमती नदी के जल प्रबंधन और सिंचाई व्यवस्था के लिए अहम माना जा रहा है.

बेलवा डैम से शुरू हुआ पानी का प्रवाह

मुख्यमंत्री ने पिपराही प्रखंड के बेलवा बागमती नदी स्थित डैम से बागमती-बूढ़ी गंडक रिवर लिंक योजना के तहत लगभग 68.80 किलोमीटर लंबे बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया.

यह लिंक चैनल शिवहर के बेलवा से मुजफ्फरपुर के मीनापुर तक विकसित किया जाएगा.

किसानों और बाढ़ नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण परियोजना

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि शिवहर के विकास, किसानों की समृद्धि और क्षेत्र के बेहतर भविष्य की आधारशिला है.

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ नियंत्रण, सिंचाई व्यवस्था और ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है.

40 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 40 विकास योजनाओं की आधारशिला रखी.

इनमें शामिल हैं—

  • 22 योजनाओं का उद्घाटन
  • 18 योजनाओं का शिलान्यास

इन योजनाओं की कुल अनुमानित लागत करीब 200 करोड़ रुपये बताई गई है.

कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन, सांसद लवली आनंद, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, विधायक अमित कुमार, पूर्व सांसद रमा देवी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

इसके अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, शिवहर की डीएम प्रतिभा रानी, एसपी शैलेन्द्र सिंह सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और विभागीय अभियंता भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish kumar sing

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >