शिवहर रोजगार मेले में 350 अभ्यर्थियों ने लिया भाग, 120 युवाओं को मिला रोजगार का अवसर

शिवहर में आयोजित रोजगार मेले में 350 से अधिक युवाओं ने भाग लिया, जहाँ 25 निजी कंपनियों ने 2100 से अधिक रिक्तियों के लिए आवेदन प्राप्त किए. भारी बारिश के बावजूद, 120 युवाओं को विभिन्न कंपनियों द्वारा शॉर्टलिस्ट किया गया. जिलाधिकारी ने युवाओं को AI और नई तकनीकों को अपनाने की सलाह दी.

Sheohar News: युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग (श्रम संसाधन विभाग), बिहार सरकार के तत्वावधान में जिला नियोजनालय सह मॉडल करियर सेंटर द्वारा सोमवार को स्थानीय गांधी नगर भवन में एक दिवसीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. भारी बारिश के बावजूद 350 अभ्यर्थियों ने मेले में भाग लिया.

25 कंपनियों ने लिए आवेदन

रोजगार मेले में 25 निजी कंपनियों ने लगभग 2,100 रिक्त पदों के लिए आवेदन प्राप्त किए. भर्ती प्रक्रिया बिहार रोजगार सेतु पोर्टल के माध्यम से संपन्न कराई गई. विभिन्न चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद 120 अभ्यर्थियों को अलग-अलग कंपनियों ने शॉर्टलिस्ट किया.

युवाओं को AI और कौशल विकास अपनाने की सलाह

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने कहा कि युवाओं को अपनी रुचि और कौशल के अनुरूप रोजगार का चयन करना चाहिए. उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), नई तकनीकों और नई भाषाओं का ज्ञान प्राप्त कर भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने की सलाह दी.

स्वरोजगार और स्टार्टअप पर दिया जोर

डीएम ने युवाओं को स्वरोजगार, स्टार्टअप, इंटर्नशिप और निरंतर कौशल विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरंतर सीखने की प्रवृत्ति ही बेहतर भविष्य का आधार है.

रोजगार सेतु पोर्टल पर पंजीकरण की अपील

जिला नियोजन पदाधिकारी मुकुंद माधव ने सभी नियोजकों से बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पर पंजीकरण कर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि इससे योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे.

कई अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में डीआरडीए के निदेशक, जिला उद्योग केंद्र के एमएसएमई मित्र अनीश भारती, डीपीआरओ अहमर अब्दाली सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे. अधिकारियों ने युवाओं को विभिन्न रोजगार एवं कौशल विकास योजनाओं की जानकारी भी दी.

यह भी पढ़ें: पप्पू यादव पर हमले के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >