शिवहर में दर्दनाक हादसा: बागमती नदी की पुरानी धार में स्नान करने गई 13 वर्षीय छात्रा डूबी, 2 बच्चियों को ग्रामीणों ने बचाया

शिवहर जिले में बागमती नदी की पुरानी धार में रविवार को स्नान के दौरान 13 वर्षीय छात्रा संरचना कुमारी की डूबने से मौत हो गई. घटना के वक्त 3 बच्चियां गहरे पानी में चली गई थीं, जिन्हें बचाने के लिए ग्रामीणों ने छलांग लगा दी. दो को बचा लिया गया, लेकिन एक की जान चली गई.

शिवहर: जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर धोवाही पंचायत स्थित रामपुर यदु गांव (वार्ड संख्या-10) में रविवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया. गांव के समीप बहने वाली बागमती नदी की पुरानी धार में स्नान करने के दौरान 13 वर्षीय किशोरी संरचना कुमारी की गहरे पानी में डूबने से असमय मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और शोक की लहर दौड़ गई है. सूचना मिलते ही डायल-112 की इमरजेंसी पुलिस टीम और फतेहपुर थानाध्यक्ष राधेश्याम पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. प्रशासन द्वारा बुलाई गई एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने नदी में व्यापक तलाशी अभियान चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद मृतका का शव पानी से बाहर निकाला, जिसे पुलिस ने पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल शिवहर भेज दिया है.

रविवार की पवनी पर दादी संग स्नान करने गई थी छात्रा

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका संरचना कुमारी (13 वर्ष) गांव निवासी हरिश्चंद्र पंडित की पुत्री थी और वह स्थानीय विद्यालय में कक्षा नौवीं की छात्रा थी. रविवार को पारंपरिक पवनी का दिन होने के कारण वह अपनी दादी तथा गांव की अन्य महिलाओं व बच्चों के साथ स्नान करने के लिए बागमती नदी की पुरानी धार की ओर गई थी. घाट पर स्नान करने के दौरान अचानक तीन बच्चियां गहरे पानी की चपेट में आ गईं और तेज बहाव के बीच डूबने लगीं.

ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, दो बच्चियों की बची जान

घाट के समीप मौजूद ग्रामीणों ने बच्चियों को चीखते और डूबते देखा तो फौरन पानी में छलांग लगा दी. ग्रामीणों ने अदम्य साहस और तत्परता दिखाते हुए दो बच्चियों को तो समय रहते सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई. हालांकि, संरचना कुमारी गहरे पानी और भंवर में समा गई, जिसके कारण उसका तुरंत कोई सुराग नहीं मिल सका और पानी में दम घुटने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई.

एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला शव, परिजनों में चीत्कार

घटना की सूचना पर स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ एसडीआरएफ की टीम ने नदी में उतरकर खोजबीन शुरू की. घंटों चले सघन तलाशी अभियान के बाद गहरे जलस्तर से संरचना का शव बरामद किया जा सका. जैसे ही शव को पानी से बाहर निकाला गया, परिजनों के चीत्कार और करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया. मां और पिता सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और आपदा प्रबंधन विभाग के नियमानुसार मिलने वाली सरकारी अनुग्रह राशि दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >